Nepal Floods : नेपाल में आई विनाशकारी बाढ़ के बाद यूपी सरकार हाई अलर्ट पर है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर सीमा से सटे जिलों में 24 घंटे निगरानी की जा रही है। नेपाल में फंसे अपने नागरिकों के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं।
लखनऊ (उत्तर प्रदेश): पड़ोसी देश नेपाल में आई विनाशकारी बाढ़ को देखते हुए उत्तर प्रदेश सरकार ने पूरे राज्य में अलर्ट जारी कर दिया है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश के बाद, खासकर नेपाल बॉर्डर से सटे जिलों में प्रशासन को 24 घंटे निगरानी रखने को कहा गया है। लखनऊ में राहत आयुक्त कार्यालय ने 24 घंटे की मॉनिटरिंग शुरू कर दी है। यहां एक खास टीम बनाई गई है जो जमीनी हालात पर नजर रख रही है। साथ ही, राज्य के टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1070 के जरिए नेपाल में फंसे लोगों और उनके परिवारों की मदद की जा रही है।
- तैयारियों की जानकारी देते हुए यूपी के राहत आयुक्त ऋषिकेश भास्कर यशोध ने बताया कि हेल्पलाइन 1070 पर अब तक 10 कॉल आ चुकी हैं।. ये उन लोगों की हैं जिनका नेपाल गए अपने परिवार वालों से संपर्क टूट गया है।

यूपी-नेपाल बॉर्डर पर सरकार और प्रशासन की नजर
- यूपी के राहत आयुक्त ऋषिकेश भास्कर यशोध नने कहा, "फिलहाल, उत्तर प्रदेश के सीमावर्ती जिलों को कोई सीधा खतरा नहीं है, लेकिन हम हालात पर करीब से नजर बनाए हुए हैं. यह घटना चीन से सटे नेपाल के उत्तरी बॉर्डर पर हुई। वहां से नीचे की ओर बहने वाले बाढ़ के पानी से खतरे की आशंका थी. लेकिन, कल रात से स्थिति की निगरानी करने पर पता चला है कि पानी का स्तर उतना नहीं बढ़ा है, जितनी आशंका थी। नेपाल में बचाव अभियान तेजी से चल रहा है और भारत सरकार भी राहत और बचाव कार्यों में मदद कर रही है।
- यशोध ने आगे बताया, "हमने जुलाई में कुशीनगर, महाराजगंज और देवरिया जिलों में 2 लाख क्यूसेक पानी के बहाव को संभाला था, तब भी यहां बाढ़ की स्थिति गंभीर नहीं हुई थी. अभी वाल्मीकि बैराज से करीब 1 लाख क्यूसेक पानी बह रहा है, जिससे कोई खतरा नहीं है।
अगर बाढ़ का पानी यूपी में आया तो क्या होगा?
यशोध ने जोर देकर कहा, "नेपाल की त्रासदी को देखते हुए, तीनों सीमावर्ती जिले हाई अलर्ट पर हैं. हमने रात भर पानी के स्तर और बैराज की स्थिति पर चौबीसों घंटे निगरानी रखी. साथ ही, हम नेपाल की तरफ के बैराजों और तटबंधों के बारे में भी लगातार जानकारी जुटा रहे थे. इसलिए अभी बाढ़ का कोई तत्काल खतरा नहीं है. अगर बाढ़ का पानी आता भी है, तो जिलों में प्रशासनिक व्यवस्था पूरी तरह से तैयार है और नागरिकों को कोई परेशानी नहीं होगी।
उत्तराखंड में भी नेपाली तबाही का असर
इस बीच, देहरादून में गोरखाली सुधार सभा के अध्यक्ष पदम थापा ने नेपाल में हुई इस तबाही पर गहरा दुख जताया। उन्होंने दोनों देशों के बीच गहरे सांस्कृतिक और पारिवारिक संबंधों का जिक्र करते हुए प्रभावित लोगों के साथ एकजुटता दिखाई।

छत्तीसगढ़ सरकार का हेल्पलाइन नंबर
छत्तीसगढ़ सरकार ने भी बाढ़ और भूस्खलन के कारण नेपाल में फंसे अपने राज्य के नागरिकों की मदद के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं. नागरिक या उनके परिवार वाले सहायता और जरूरी जानकारी के लिए आपदा प्रबंधन हेल्पलाइन 1070 या टेलीफोन नंबर +91-771-2223471 पर संपर्क कर सकते हैं।
मध्य प्रदेश सरकार का हेल्पलाइन नंबर
मध्य प्रदेश के निवासियों की मदद के लिए भी हेल्पलाइन नंबर, व्हाट्सएप नंबर और ईमेल आईडी जारी की गई है. हेल्पलाइन नंबर: 011-26772005; व्हाट्सएप नंबर: 9818963273; ई-मेल: recp1mpbhawan@mp.gov.in.
नेपाल बाढ़ में मिले अब तक 175 शव
नेपाल दूतावास के सूत्रों के मुताबिक, अब तक 175 शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि स्थानीय लोगों और पर्यटकों समेत कई लोग अब भी लापता हैं. 28 देशों के लगभग 476 लोगों के लापता होने की खबर है, हालांकि खोज और बचाव अभियान जारी रहने के कारण इन आंकड़ों की पुष्टि अभी की जा रही है।


