New DL Rules India: नए ट्रैफिक नियमों के तहत सरकार ग्रेडेड प्वाइंट सिस्टम लाने की तैयारी में है। रेड लाइट जंप, ओवरस्पीडिंग और अन्य ट्रैफिक नियम तोड़ने पर DL के प्वाइंट कट सकते हैं। बार-बार गलती करने पर लाइसेंस सस्पेंड या रद्द हो सकता है।

New Traffic Rules: रेड लाइट तोड़ी और चालान भर दिया... ओवरस्पीडिंग की और जुर्माना चुका दिया। अब तक ट्रैफिक नियम तोड़ने के बाद ज्यादातर लोगों के लिए मामला यहीं खत्म हो जाता था। लेकिन आने वाले समय में तस्वीर बदल सकती है। सरकार एक ऐसी व्यवस्था लाने की तैयारी में है, जिसमें आपकी हर ट्रैफिक गलती का रिकॉर्ड सीधे आपके Driving Licence से जुड़ सकता है।

केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने SIAM के 66वें वार्षिक सम्मेलन में प्रस्तावित Graded Point System की जानकारी दी। इस व्यवस्था का मकसद सिर्फ चालान काटना नहीं, बल्कि बार-बार नियम तोड़ने वाले ड्राइवरों की जवाबदेही तय करना है।

अब हर गलती से घट सकते हैं लाइसेंस के प्वाइंट

प्रस्तावित सिस्टम के तहत ड्राइविंग लाइसेंस के साथ एक क्रेडिट या प्वाइंट सिस्टम जोड़ा जाएगा। रेड लाइट जंप करना, ओवरस्पीडिंग, सीट बेल्ट न लगाना या हेलमेट के बिना वाहन चलाने जैसी गलतियों पर तय प्वाइंट काटे जा सकते हैं।

सबसे अहम बात यह है कि बार-बार नियम तोड़ने पर प्वाइंट एक तय सीमा तक पहुंच सकते हैं और इसके बाद Driving Licence सस्पेंड किया जा सकता है। लगातार लापरवाही जारी रहने पर लाइसेंस स्थायी रूप से रद्द करने तक की कार्रवाई संभव हो सकती है। यानी भविष्य में सवाल सिर्फ यह नहीं होगा कि आपका चालान कितना कटा, बल्कि यह भी होगा कि आपकी Driving History कितनी खराब है।

यह भी पढ़ें: एक पोस्ट, ‘अंकल’ वाला बयान और फिर बड़ा झटका... आकाश आनंद की राजनीति में क्या हुआ?

सड़क हादसे रोकने की तैयारी

सरकार का फोकस सड़क सुरक्षा को मजबूत करने पर है। लगातार ट्रैफिक नियम तोड़ने वाले चालकों पर सख्ती का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना और जिम्मेदार ड्राइविंग को बढ़ावा देना है। इसके साथ ही ड्राइवरों की बेहतर ट्रेनिंग पर भी काम किया जा रहा है। जनवरी 2025 में शुरू की गई नीति के तहत देशभर में 1600 नए Driving Training Centres विकसित किए जा रहे हैं। सरकार के अनुसार, अब तक करीब 10 लाख ड्राइवरों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है।

पुराने वाहनों के लिए भी नया प्लान

सरकार सिर्फ सड़क सुरक्षा पर ही नहीं, बल्कि वाहनों से होने वाले प्रदूषण को कम करने पर भी काम कर रही है। पुराने वाहनों के लिए सस्ती रेट्रोफिट तकनीक लाने की तैयारी है। नितिन गडकरी के अनुसार, प्रदूषण कम करने वाली इस डिवाइस की कीमत 4,000 रुपये से कम रखने का लक्ष्य है।

हालांकि Graded Point System के अंतिम नियम, लागू होने की तारीख और प्वाइंट कटने की विस्तृत व्यवस्था का इंतजार रहेगा। लेकिन संकेत साफ हैं—आने वाले समय में ट्रैफिक नियम तोड़ना सिर्फ चालान का मामला नहीं रहेगा, बल्कि आपकी Driving Licence की पूरी यात्रा पर असर डाल सकता है।

यह भी पढ़ें: घर में कमर तक पानी, चूल्हा बंद और नाव का सहारा... उन्नाव के गांव में कैसे बीत रहे दिन?