कर्नाटक के बेल्लारी में, 27 वर्षीय नबी रसूल की उसके शादी के रिसेप्शन के कुछ घंटों बाद हत्या कर दी गई। उसने प्रेम विवाह किया था, जिसके परिवार वाले खिलाफ थे। पुलिस इसे ऑनर किलिंग का मामला मानकर जांच कर रही है।
बेंगलुरु: कर्नाटक के बेल्लारी से एक सनसनीखेज खबर आई है। यहां एक नए-नवेले दूल्हे की उसके शादी के रिसेप्शन के कुछ ही घंटों बाद हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान 27 साल के नबी रसूल के तौर पर हुई है। पुलिस को शक है कि ये मामला ऑनर किलिंग का हो सकता है, क्योंकि लड़की का परिवार इस लव मैरिज के सख्त खिलाफ था।
नबी रसूल ने करीब 15 दिन पहले एक तलाकशुदा महिला से प्रेम विवाह किया था। दोनों ने घर से भागकर शादी की थी। लड़की के घरवाले इस रिश्ते से बिल्कुल खुश नहीं थे और इसका कड़ा विरोध कर रहे थे। हालांकि, नबी के परिवार ने दोनों को अपना लिया था और गुरुवार को उनके लिए एक वेडिंग रिसेप्शन भी रखा था। रिसेप्शन की पार्टी के बाद, गुरुवार रात करीब 11:30 बजे, नबी रसूल ने घर पर बताया कि उसका एक दोस्त उसे बुला रहा है और वह घर से बाहर चला गया। लेकिन जब वह देर रात 2 बजे तक वापस नहीं लौटा, तो घरवाले परेशान हो गए और उसकी तलाश शुरू कर दी।
तलाशी के दौरान, घर से करीब 700 मीटर की दूरी पर नबी रसूल का शव मिला। पुलिस ने पहली नज़र में ही इसे हत्या का मामला बताया है, हालांकि मौत की असली वजह अभी सामने नहीं आई है। फिलहाल पुलिस की जांच लड़की के परिवार पर टिकी है, जो इस शादी के खिलाफ थे।
बेल्लारी के जिला पुलिस अधीक्षक (SP) सुमन डी. पेन्नेकर ने भी घटनास्थल का दौरा किया और जांच का जायजा लिया। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर सबूत इकट्ठा किए हैं। इस मामले में कौल बाज़ार पुलिस स्टेशन में हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों को पकड़ने के लिए एक स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम बनाई गई है। पुलिस नबी रसूल के परिवार, दोस्तों और आस-पास के लोगों से पूछताछ कर रही है।
