Saudi Arabia Road Accident: सऊदी अरब के अल अहसा में उकैर-अल ओयून रोड पर दो गाड़ियों की जोरदार टक्कर हो गई। इस दर्दनाक हादसे में एक ही परिवार के 7 लोगों और दो अन्य युवाओं समेत कुल 9 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही सिविल डिफेंस और रेड क्रिसेंट की टीम ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया।

Uqair Al Ouyoun Road Accident: सऊदी अरब के पूर्वी प्रांत अल अहसा में उकैर-अल ओयून रोड पर एक बेहद खौफनाक सड़क हादसा हुआ है। यहां दो गाड़ियों की आमने-सामने की टक्कर में 9 लोगों की जान चली गई। मरने वालों में एक ही परिवार के 7 लोग शामिल हैं। पहली गाड़ी में माता-पिता, उनके तीन बेटे और दो बेटियां सवार थीं। हादसे में इस पूरे परिवार की मौके पर ही मौत हो गई।

'अल यौम' अखबार ने आधिकारिक सूत्रों के हवाले से बताया कि दूसरी गाड़ी में दो युवक सवार थे और उनकी भी घटनास्थल पर ही जान चली गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों गाड़ियां पूरी तरह से कबाड़ में तब्दील हो गईं। हालांकि, अभी तक मृतकों की पहचान उजागर नहीं की गई है। हादसे की खबर मिलते ही सिविल डिफेंस, रेड क्रिसेंट और ट्रैफिक पुलिस की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। रेस्क्यू टीमों ने गाड़ियों में फंसे लोगों को बाहर निकालने की काफी कोशिश की, लेकिन तब तक सभी 9 लोगों की सांसें थम चुकी थीं।

संबंधित अधिकारियों ने इस मामले में कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। फिलहाल हादसे की असली वजह क्या थी, इसे लेकर ज्यादा जानकारी सामने नहीं आई है। आपको बता दें कि उकैर-अल ओयून रोड अल अहसा के मुख्य इलाकों को तटीय क्षेत्रों से जोड़ने वाला एक प्रमुख हाईवे है।