Noida DLF Mall Viral Video: नोएडा के DLF मॉल का महिला को स्टोर से बाहर ले जाने का वीडियो वायरल है। चोरी के आरोपों की पुलिस जांच में CCTV से कोई स्पष्ट सबूत नहीं मिला।

नोएडा के पॉश सेक्टर-18 स्थित DLF मॉल ऑफ इंडिया का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में है। करीब 30 सेकंड के वीडियो में कुछ महिला सुरक्षा कर्मी एक महिला को स्टोर से बाहर ले जाती नजर आ रही हैं। स्टोर कर्मचारियों ने महिला पर घी और रिफाइंड तेल बिना भुगतान किए ले जाने का आरोप लगाया। लेकिन पुलिस की जांच में कहानी का एक अहम हिस्सा अभी साफ नहीं हुआ है।

DLF मॉल के स्टोर का वीडियो हुआ वायरल

वायरल वीडियो में महिला को महिला सुरक्षा कर्मियों के साथ स्टोर से बाहर ले जाते देखा जा सकता है। स्टोर कर्मचारी उस पर सामान का भुगतान किए बिना ले जाने का आरोप लगाते सुनाई देती हैं। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर कई तरह के दावे किए जाने लगे।

Scroll to load tweet…

यह भी पढ़ें: Chandrashekhar Azad Rape Case: शादी का वादा, गंभीर आरोप और FIR की मांग... अब कोर्ट में क्या हुआ?

कर्मचारी बोले- सामान बिना पैसे दिए ले गई महिला

स्टोर की ओर से आरोप लगाया गया कि महिला घी और रिफाइंड तेल लेकर बिना भुगतान किए जाने की कोशिश कर रही थी। सोशल मीडिया पर यह दावा भी किया गया कि महिला पहले भी कई बार ऐसा कर चुकी थी और स्टोर कर्मचारी करीब एक महीने से ऐसी घटनाओं पर नजर रख रहे थे। हालांकि, पुराने मामलों की पुष्टि करने वाली कोई आधिकारिक शिकायत सामने नहीं आई है।

मामले की जानकारी मिलने के बाद थाना सेक्टर-20 पुलिस ने वायरल वीडियो और स्टोर के CCTV फुटेज की जांच की। पुलिस के मुताबिक, उपलब्ध फुटेज में ऐसा कोई स्पष्ट सबूत नहीं मिला, जिससे महिला के चोरी करने की पुष्टि हो सके। जांच के दौरान महिला के साथ मौजूद एक युवक द्वारा सामान का भुगतान किए जाने की बात भी सामने आई।

महिला ने भुगतान किया या नहीं, दोनों दावे अलग

जहां स्टोर संचालक का कहना है कि महिला की ओर से सामान का भुगतान नहीं किया गया, वहीं जांच में उसके साथ मौजूद युवक द्वारा पेमेंट किए जाने की बात कही गई। यानी फिलहाल पुलिस के सामने दोनों पक्षों के दावे अलग-अलग हैं और मामला पूरी तरह स्पष्ट नहीं हुआ है।

शिकायत मिलेगी तो आगे होगी कार्रवाई

थाना सेक्टर-20 प्रभारी अरविंद सिंह के मुताबिक, अभी तक किसी भी पक्ष ने पुलिस को लिखित शिकायत नहीं दी है। इसी वजह से कोई मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है। पुलिस वायरल वीडियो और उपलब्ध CCTV फुटेज की जांच कर रही है। शिकायत मिलने पर तथ्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल वायरल वीडियो के आधार पर महिला को दोषी मानना उचित नहीं होगा।

यह भी पढ़ें: अखिलेश के मंच से नीतू मैम ने बोला कुछ ऐसा, अब सियासत में एंट्री की चर्चा क्यों?