नोएडा के सेक्टर-18 स्थित DLF मॉल में एक महिला पर स्टोर से घी और तेल चोरी करने का आरोप लगा है। महिला को सामान लेकर बाहर निकलते समय सिक्योरिटी ने पकड़ लिया, जिसके बाद CCTV फुटेज में कथित चोरी की पूरी कहानी सामने आई।
नोएडा के सेक्टर-18 स्थित DLF मॉल में एक महिला पर स्टोर से घी और तेल चोरी करने का आरोप लगा है। घटना का वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में सिक्योरिटी टीम महिला को पकड़कर मॉल के अंदर ले जाती दिखाई दे रही है। महिला मोबाइल से अपना चेहरा छिपाने की कोशिश करती नजर आ रही है।
बताया जा रहा है कि महिला अपने पति के साथ मॉल में शॉपिंग करने आई थी। आरोप है कि उसने एक स्टोर से 1 किलो घी का डिब्बा और 1 किलो तेल की बोतल अपने बैग में रख ली और बिना पेमेंट किए स्टोर से बाहर निकल गई।
बाहर निकलते ही सिक्योरिटी ने महिला को रोका
- घटना रविवार शाम करीब 7:30 बजे की बताई जा रही है। महिला अपने पति के साथ स्टोर में शॉपिंग करने पहुंची थी। कुछ देर बाद महिला अकेले स्टोर से बाहर निकल गई, जबकि उसका पति अंदर सामान की बिलिंग करा रहा था।
- महिला के बाहर निकलते ही सिक्योरिटी गार्ड ने उसे रोक लिया और बैग चेक कराने के लिए कहा। महिला ने बैग दिखाने से इनकार कर दिया। इस दौरान उसकी सिक्योरिटी स्टाफ से बहस भी हुई।
CCTV फुटेज में बैग में सामान रखते दिखी महिला
- जब महिला काफी देर तक बैग चेक कराने के लिए तैयार नहीं हुई तो दूसरे सिक्योरिटी गार्ड और स्टोर का स्टाफ भी मौके पर पहुंच गया। इसके बाद स्टोर की CCTV फुटेज चेक की गई।
- CCTV में महिला कथित तौर पर 1 किलो घी का डिब्बा और 1 किलो तेल की बोतल अपने बैग में रखते हुए दिखाई दी। फुटेज देखने के बाद सिक्योरिटी टीम ने महिला को वापस स्टोर के अंदर ले जाने का फैसला किया।
महिला को वापस स्टोर के अंदर ले गई फीमेल सिक्योरिटी गार्ड
- फीमेल सिक्योरिटी गार्ड महिला को वापस स्टोर के अंदर ले गई। वहां स्टाफ ने उसके बैग की जांच की और उसमें से घी और तेल निकाल लिया। इसके बाद महिला के पति को भी स्टोर के अंदर बुलाया गया।
- स्टाफ ने दोनों से घटना को लेकर पूछताछ की और उन्हें फटकार लगाई। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसमें महिला अपना चेहरा मोबाइल से छिपाती हुई नजर आ रही है।
बाद में महिला ने सामान का बिल चुकाया
बताया जा रहा है कि विवाद बढ़ने के बाद महिला ने घी और तेल का बिल चुका दिया। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच सहमति बन गई और मामला शांत हो गया। यह पूरा मामला नोएडा के सेक्टर-20 थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। फिलहाल घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा में है।


