पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) में पाकिस्तानी सेना का MI-17 हेलिकॉप्टर क्रैश हो गया। हादसे में सवार सभी लोगों की मौत हो गई। रिपोर्ट्स के अनुसार, हेलिकॉप्टर में 21 सैनिक मौजूद थे। जांच के आदेश दे दिए गए हैं।
मुजफ्फराबाद: पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) में बुधवार को एक बड़ा हादसा हो गया। यहां मुजफ्फराबाद के पास पाकिस्तानी सेना का एक हेलिकॉप्टर क्रैश हो गया। बताया जा रहा है कि हेलिकॉप्टर में सवार सभी लोगों की मौत हो गई है। जो हेलिकॉप्टर हादसे का शिकार हुआ, वो पाकिस्तान आर्मी एविएशन का MI-17 था।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, हेलिकॉप्टर ने जैसे ही उड़ान भरी, उसके कुछ ही देर बाद उसमें आग लग गई और वो क्रैश होकर नीचे गिर गया। पाकिस्तानी सेना ने एक बयान जारी कर बताया है कि हेलिकॉप्टर में मौजूद सभी लोग मारे गए हैं। हालांकि, सेना ने अभी तक यह साफ नहीं किया है कि हेलिकॉप्टर में कुल कितने लोग सवार थे। कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि हेलिकॉप्टर में 21 सैनिक मौजूद थे। घटना की जानकारी मिलते ही बचावकर्मी मौके पर पहुंच गए हैं। हादसे की वजह का पता लगाने के लिए जांच के आदेश दे दिए गए हैं।
आपको बता दें कि MI-17 रूस में बना एक मीडियम-लिफ्ट ट्रांसपोर्ट हेलिकॉप्टर है। इसे मिल मॉस्को हेलिकॉप्टर प्लांट ने डेवलप किया है। यह मशहूर MI-8 हेलिकॉप्टर का ही एक अपग्रेडेड वर्जन है। इस हेलिकॉप्टर में एक बार में 30 सैनिक बैठ सकते हैं या फिर यह 4000 किलो तक का सामान (कार्गो) ले जा सकता है।
