Pakistan LPG Crisis: पाकिस्तान-ईरान का गब्ड-रिमदान बॉर्डर एक हफ्ते बाद खुल गया है। LPG और जरूरी सामान से लदे ट्रकों की आवाजाही शुरू होने से पाकिस्तान में गैस की किल्लत कम होने की उम्मीद है।

पाकिस्तान में LPG की किल्लत के बीच एक राहत की खबर सामने आई है। पाकिस्तान और ईरान के बीच करीब एक सप्ताह से बंद गब्ड-रिमदान बॉर्डर शनिवार सुबह दोबारा खोल दिया गया। सीमा खुलते ही दोनों तरफ फंसे जरूरी सामान से लदे ट्रकों की आवाजाही शुरू हो गई है। इससे पाकिस्तान में LPG समेत खाद्य सामग्री की सप्लाई बहाल होने की उम्मीद जगी है।

LPG से भरे ट्रक फंसे थे, अब शुरू होगी सप्लाई

ग्वादर इलाके में स्थित गब्ड-रिमदान बॉर्डर को गेट 250 के नाम से भी जाना जाता है। अधिकारियों ने 16 अक्टूबर या उससे पहले के आयात-निर्यात माल से लदे वाहनों को सीमा पार करने की अनुमति दी है। ग्वादर चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के अध्यक्ष मीर नवीद जान कलमती ने भी सीमा खुलने की पुष्टि की। उनके मुताबिक दोनों दिशाओं में व्यापारिक ट्रकों और दूसरे वाहनों की आवाजाही शुरू हो गई है। सीमा बंद रहने के दौरान LPG, खाद्य सामग्री और अन्य जरूरी सामान से लदे कई वाहन फंसे हुए थे।

यह भी पढ़ें: दिल्ली से ज्यादा जहरीली हरियाणा के इस शहर की हवा, NCR में बढ़ा प्रदूषण; जानिए कहां पहुंचा AQI

ट्रकों पर हमला, आगजनी के बाद बढ़ाई गई सुरक्षा

बॉर्डर दोबारा खोलने का फैसला ऐसे समय हुआ है जब गुरुवार को सीमा के पास खड़े सामान से लदे ट्रकों पर अज्ञात बंदूकधारियों ने हमला किया था। रिपोर्ट के मुताबिक कई वाहनों को आग के हवाले कर दिया गया और दूसरे ट्रकों को भी नुकसान पहुंचा। इसके बाद स्थानीय प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। सीमा से गुजरने वाले व्यापारिक वाहनों के लिए अतिरिक्त सुरक्षा कर्मियों की तैनाती के बाद ही कारोबार फिर शुरू करने की अनुमति दी गई।

Scroll to load tweet…

17 अक्टूबर से बंद था कारोबार, अब क्या सस्ती होगी LPG?

पाकिस्तान के वाणिज्य मंत्रालय ने 17 अक्टूबर को गब्ड-रिमदान और तफ्तान बॉर्डर पर व्यापारिक गतिविधियां रोक दी थीं। इस फैसले से LPG और अन्य जरूरी सामान की सप्लाई प्रभावित हुई थी।

अब सीमा खुलने से अटकी हुई खेपों को निकालने में मदद मिल सकती है। इससे LPG की उपलब्धता बढ़ने और सप्लाई पर दबाव कम होने की उम्मीद है। हालांकि, गैस की किल्लत कितनी जल्दी दूर होगी, यह फंसे ट्रकों की निकासी, जांच और सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था पर निर्भर करेगा।

यह भी पढ़ें: Harry Potter जैसा दिखा अल्बानिया का ये VIDEO! पुलिस पर बरसे आतिशबाजी के रॉकेट