प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पीएम किसान सम्मान निधि योजना की 22वीं किस्त जारी की। इसके तहत देशभर के 9.32 करोड़ किसानों के खातों में डीबीटी के माध्यम से राशि ट्रांसफर की गई। उत्तर प्रदेश के 2.15 करोड़ किसानों को 4335 करोड़ रुपये का लाभ मिला है। अब तक यूपी के किसानों को योजना से 99 हजार करोड़ रुपये से अधिक की सहायता मिल चुकी है।

गुवाहाटी/लखनऊ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने असम के दो दिवसीय दौरे के दौरान गुवाहाटी से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना (PM Kisan Samman Nidhi Yojana) की 22वीं किस्त जारी की। इस किस्त के तहत देशभर के 9.32 करोड़ किसानों के बैंक खातों में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से धनराशि भेजी गई।

इसमें उत्तर प्रदेश के किसानों को भी बड़ी राहत मिली है। प्रदेश के 2.15 करोड़ से अधिक किसानों के खातों में सीधे 4335.11 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए गए हैं। सरकार का कहना है कि मोदी-योगी की डबल इंजन सरकार किसानों की आय बढ़ाने और उनके सम्मान को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

पीएम किसान योजना में यूपी सबसे बड़ा लाभार्थी राज्य

प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत उत्तर प्रदेश देश का सबसे अधिक लाभ पाने वाला राज्य बना हुआ है। 22वीं किस्त जारी होने से पहले तक प्रदेश के किसानों को 21 किस्तों में कुल 94,668.58 करोड़ रुपये की सहायता मिल चुकी थी। अब नई किस्त के 4335.11 करोड़ रुपये जुड़ने के बाद यह राशि बढ़कर 99,003.69 करोड़ रुपये हो गई है। देश के कुल लाभार्थियों में लगभग 23 प्रतिशत किसान उत्तर प्रदेश से हैं, जो इस योजना में राज्य की बड़ी भागीदारी को दर्शाता है।

पीएम किसान योजना: किसानों को हर साल मिलती है 6000 रुपये की सहायता

प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत पात्र किसान परिवार के एक सदस्य को प्रति वर्ष 6,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है। यह राशि तीन बराबर किस्तों में 2-2 हजार रुपये के रूप में दी जाती है। यह पैसा सीधे किसानों के बैंक खातों में डीबीटी (Direct Benefit Transfer) के माध्यम से ट्रांसफर किया जाता है। इस योजना का उद्देश्य किसानों को खेती से जुड़े खर्चों में आर्थिक सहयोग देना और उनकी आय को मजबूत बनाना है।

गोरखपुर से हुई थी पीएम किसान सम्मान निधि योजना की शुरुआत

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 24 फरवरी 2019 को उत्तर प्रदेश के गोरखपुर से पीएम किसान सम्मान निधि योजना की शुरुआत की थी। तब से यह योजना देश के करोड़ों किसानों के लिए आर्थिक सहारा बन चुकी है। केंद्र और राज्य सरकार के प्रयासों से योजना का लाभ लगातार अधिक से अधिक किसानों तक पहुंचाया जा रहा है। सरकार का कहना है कि इस योजना से किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत होने के साथ-साथ उनका सम्मान भी बढ़ा है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री मोदी का जताया आभार

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा पीएम किसान सम्मान निधि की 22वीं किस्त जारी किए जाने पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनका आभार व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने अपने आधिकारिक एक्स (X) हैंडल पर कहा कि कृषक कल्याण के प्रति प्रधानमंत्री की प्रतिबद्धता एक बार फिर करोड़ों अन्नदाताओं के जीवन में विश्वास और संबल लेकर आई है।

उन्होंने बताया कि इस किस्त के तहत 18,640 करोड़ रुपये से अधिक की राशि देशभर के 9.32 करोड़ से अधिक किसानों के खातों में सीधे ट्रांसफर की गई है, जिसमें उत्तर प्रदेश के 2.15 करोड़ से अधिक किसान भी शामिल हैं। मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि यह पहल किसानों के जीवन को आसान बनाने और खेती को नई ऊर्जा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।