Somnath Amrut Mahotsav PM Modi Visit: पीएम मोदी ने सोमनाथ मंदिर के पुनर्निर्माण के 75 वर्ष पूरे होने पर आयोजित 'अमृत महोत्सव' में शिरकत की। इस मौके पर पहली बार 90 मीटर ऊंची क्रेन के जरिए देश के 11 पवित्र तीर्थों के जल से मंदिर के भव्य शिखर का 'कुंभाभिषेक' किया गया। इस दौरान पूरा मंदिर परिसर 'जय सोमनाथ' के जयकारों और दिव्य आभा से सराबोर हो गया।
PM Narendra Modi Somnath Mandir Videos: गुजरात की पवित्र धरती आज 'जय सोमनाथ' के जयकारों से गूंज उठी। मौका सोमनाथ मंदिर के पुनर्निर्माण के 75 साल पूरे होने का था, जिसे 'सोमनाथ अमृत महोत्सव' के रूप में मनाया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस मौके पर न सिर्फ भगवान महादेव की विशेष पूजा की, बल्कि मंदिर के इतिहास में पहली बार एक ऐसी रस्म निभाई जिसे देखकर हर कोई दंग रह गया। आसमान से होती फूलों की बारिश और एयरफोर्स के जांबाज विमानों के करतब के बीच आज सोमनाथ में क्या-क्या हुआ, आइए देखते हैं इन 5 शानदार वीडियो में...

पीएम मोदी की सोमनाथ मंदिर में भव्य एंट्री
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सोमनाथ मंदिर में भव्य एंट्री हुई। एक तरफ बटुक हाथों में डमरू बजाते रहें, तो दूसरी तरफ शंख की ध्वनियां गूंजती रहीं। इस दौरान पूरा माहौल भक्तिमय नजर आया। हर कोई शिवभक्ति में डूबा रहा।
90 मीटर ऊंची क्रेन और 11 तीर्थों का जल
सोमनाथ मंदिर के 90 मीटर ऊंचे भव्य शिखर का आज 'कुंभाभिषेक' किया गया। इसके लिए देश के 11 पवित्र तीर्थों का जल एक विशेष कलश में इकट्ठा किया गया था। पहली बार एक विशाल क्रेन की मदद से इस जल को मंदिर के सबसे ऊपरी हिस्से तक पहुंचाया गया और शिखर का अभिषेक हुआ।
चेतक हेलीकॉप्टर ने की पुष्पवर्षा
जैसे ही गर्भगृह में पीएम मोदी ने आरती पूरी की, मंदिर के ऊपर आसमान से फूलों की बारिश शुरू हो गई। भारतीय सेना के चेतक हेलीकॉप्टर ने मंदिर परिसर पर गुलाब की पंखुड़ियां बरसाईं, जिससे पूरा माहौल दिव्य हो गया।
एयरफोर्स का हैरतअंगेज शो (Watch Aerobatic Performance)
सिर्फ पूजा-पाठ ही नहीं, आज सोमनाथ के आसमान में भारत की 'शक्ति' भी दिखी। एयरफोर्स की सूर्यकिरण टीम के विमानों ने सोमनाथ मंदिर के ऊपर अद्भुत एरोबैटिक करतब दिखाए। विमानों की गड़गड़ाहट और उनके हैरतअंगेज मोड़ देखकर वहां मौजूद हजारों श्रद्धालु झूम उठे।
पीएम मोदी के संबोधन की बड़ी बातें
आजादी और गौरव की वापसी
प्रधानमंत्री मोदी आज सोमनाथ में काफी भावुक नजर आए। उन्होंने अपने भाषण में कई बड़ी बातें कहीं। पीएम ने कहा कि 75 साल पहले सरदार पटेल ने जो मंदिर बनवाया था, वह सिर्फ एक इमारत नहीं बल्कि आजाद भारत की भावना थी। उन्होंने दुनिया को बताया कि भारत अपनी गरिमा वापस पाने के लिए तैयार है।
शिव और शक्ति का संगम
पीएम ने कहा, आज ही के दिन 11 मई को भारत ने पोखरण में परमाणु परीक्षण किया था। पीएम ने इसे याद करते हुए कहा कि जैसे 'शिव के बिना शक्ति' अधूरी है, वैसे ही भारत ने अपनी शक्ति का प्रदर्शन 'ऑपरेशन शक्ति' के जरिए किया था।
चंद्रयान का 'शिव-शक्ति' कनेक्शन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बताया कि चंद्रमा का संबंध शिव से है, इसीलिए चंद्रयान-3 के लैंडिंग पॉइंट का नाम 'शिव-शक्ति पॉइंट' रखा गया।
सोमनाथ अमृत महोत्सव क्यों है ये खास?
11 मई 1951 को देश के पहले राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद ने मंदिर में प्राण-प्रतिष्ठा की थी। आज उसी ऐतिहासिक घटना के 75 साल पूरे हुए हैं। पूरे प्रभास पाटन क्षेत्र को रोशनी से सजाया गया है और वेद मंत्रों के जाप से समुद्र का किनारा भक्तिमय हो गया है।


