PM Modi Speech Highlights: महिला आरक्षण बिल पास न हो पाने के बाद पीएम मोदी ने देश की महिलाओं से हाथ जोड़कर माफी मांगी। उन्होंने कहा कि सरकार की नीयत साफ थी, लेकिन कांग्रेस, सपा और टीएमसी जैसी 'परिवारवादी' पार्टियों ने अपनी स्वार्थी राजनीति के चलते इस ऐतिहासिक अवसर को कुचल दिया।  

PM Narendra Modi Full Speech: संसद में महिला आरक्षण बिल (131वां संशोधन) के गिरने के बाद शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश को संबोधित किया। करीब 30 मिनट के इस भाषण में पीएम का एक अलग ही रूप देखने को मिला। कहीं वो भावुक होकर हाथ जोड़ते दिखे, तो कहीं उन्होंने विपक्ष के 'पाप' को गिनाते हुए जमकर दहाड़ लगाई। आइए जानते हैं पीएम मोदी की स्पीच की 10 बड़ी बातें...

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

1. हाथ जोड़कर देश की बहनों से माफी

संबोधन की शुरुआत में ही पीएम मोदी ने देश की करोड़ों महिलाओं से माफी मांगी। उन्होंने कहा, 'मैं हाथ जोड़कर आपसे माफी मांगता हूं कि संसद में इस बिल को पास नहीं कराया जा सका। हम महिलाओं को उनका हक देना चाहते थे, लेकिन कुछ दलों ने अपनी स्वार्थी राजनीति को आगे रखा।'

2. विपक्ष ने की 'भ्रूणहत्या'

पीएम ने विपक्ष पर सबसे तीखा हमला करते हुए कहा कि कांग्रेस और उसके साथियों ने संसद में महिला आरक्षण की 'भ्रूणहत्या' की है। उन्होंने कहा कि जो अधिकार महिलाओं को 2029 से मिलना था, उसे इन दलों ने मिलकर छीन लिया है।

3. बिल गिरने पर विपक्ष मेज थपथपाकर खुशियां मना रहा था

प्रधानमंत्री ने दुख जताते हुए कहा कि जब संसद में बिल गिर रहा था, तब कांग्रेस, टीएमसी और सपा जैसे दलों के नेता मेज थपथपाकर खुश हो रहे थे। पीएम ने कहा कि ये सिर्फ मेज पर थाप नहीं थी, बल्कि नारी शक्ति के स्वाभिमान पर गहरी चोट थी।

4. नारी अपमान कभी नहीं भूलती- पीएम

विपक्ष को चेतावनी देते हुए मोदी बोले, 'नारी सब कुछ भूल सकती है, लेकिन अपना अपमान कभी नहीं भूलती।' उन्होंने कहा कि जब ये विपक्षी नेता अपने इलाकों में जाएंगे, तो देश की महिलाएं उनसे इस 'पाप' का हिसाब जरूर मांगेंगी।

5. परिवारवादी पार्टियों का डर

पीएम ने कहा कि इन पार्टियों को डर है कि अगर सामान्य घरों की महिलाएं राजनीति में आगे आ गईं, तो परिवारवादियों की दुकानें बंद हो जाएंगी। इसी असुरक्षा की वजह से उन्होंने इस बिल का विरोध किया है।

6. पाकिस्तान और पानी का कनेक्शन

पीएम ने कांग्रेस के पुराने रवैये पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का काम ही 'लटकाना और भटकाना' रहा है, चाहे वो पाकिस्तान के साथ पानी का विवाद हो या सीमा विवाद। अब यही काम वो महिलाओं के साथ कर रहे हैं।

7. परिसीमन पर झूठ का जाल

विपक्ष के दावों पर पलटवार करते हुए मोदी ने कहा कि परिसीमन को लेकर झूठ फैलाया जा रहा है कि कुछ राज्यों का नुकसान होगा। पीएम ने साफ किया कि किसी राज्य की सीटें कम नहीं होंगी, बल्कि हर राज्य की शक्ति बढ़ेगी।

8. हम हारे नहीं, हिम्मत और बढ़ी है- PM

संख्याबल की कमी पर पीएम ने कहा, 'कल हमारे पास जरूरी 352 वोट नहीं थे, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि हम हार गए। हमारा इरादा अडिग है और हम इस संकल्प को पूरा करके रहेंगे।'

9. रिफॉर्म विरोधी चेहरा बेनकाब

मोदी ने कहा कि कांग्रेस हमेशा से सुधारों की दुश्मन रही है। धारा 370 से लेकर तीन तलाक और अब महिला आरक्षण तक, कांग्रेस ने हर बार विकास के रास्ते में रोड़ा अटकाया है। उन्होंने कांग्रेस को 'परजीवी' करार दिया जो दूसरे दलों के सहारे जी रही है।

10. 2029 की लड़ाई का आगाज

भाषण के अंत में पीएम ने दहाड़ते हुए कहा कि 21वीं सदी की नारी अब जागरूक है। वो सबकी मंशा समझ चुकी है। विपक्ष को उनके इस 'पाप' की सजा जनता के दरबार में जरूर मिलेगी।

Scroll to load tweet…