महिला आरक्षण बिल लोकसभा में पास न होने पर BJP देशव्यापी प्रदर्शन करेगी। विपक्ष ने इसे अपनी एकजुटता की शुरुआत कहा। इसके साथ ही संसद का बजट सत्र अनिश्चित काल के लिए स्थगित हो गया।

नई दिल्ली: महिला आरक्षण बिल पास कराने में नाकाम रहने के बाद अब BJP ने देश भर में विरोध प्रदर्शन करने का ऐलान किया है। BJP के केंद्रीय नेताओं ने साफ कहा है कि इस मुद्दे पर विपक्ष के रुख के खिलाफ महिलाएं सड़कों पर उतरेंगी। पार्टी नेताओं का यह भी कहना है कि वे इस बिल को पास कराने की कोशिशें जारी रखेंगे। वहीं, कांग्रेस का कहना है कि बिल के खिलाफ विपक्ष का एकजुट होकर वोट करना आने वाले दिनों की रणनीति की बस एक शुरुआत है। कांग्रेस ने संकेत दिया है कि विपक्ष केंद्र के हर कदम का मिलकर मुकाबला करेगा। NDA के बाहर सिर्फ YSR कांग्रेस ने ही बिल के पक्ष में वोट दिया था।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

इस बीच, महिला बिल का विरोध करने पर NDA के सांसद आज भी संसद परिसर में प्रदर्शन करेंगे। संसद का बजट सत्र पूरा होने के साथ ही आज लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही अनिश्चित काल के लिए स्थगित कर दी जाएगी। बता दें कि महिला आरक्षण बिल पर चर्चा के लिए तीन दिन की विशेष बैठक बुलाई गई थी। कल यह बिल लोकसभा में पास नहीं हो सका था। इस वजह से इसे राज्यसभा में पेश करने की नौबत ही नहीं आई। दोनों सदन सुबह 11 बजे अनिश्चित काल के लिए स्थगित हो जाएंगे। सदनों की कार्यवाही स्थगित होने के बाद संसद भवन में ही केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक भी होगी।