Pune Murder Case: पुणे में शराब को लेकर विवाद के बाद दोस्त की हत्या का आरोप है। आरोपी ने कथित तौर पर उसके पैर काटकर बोरे में कचरे के पास फेंक दिए, जबकि धड़ घर में छिपा लिया। पुलिस ने सिम कार्ड ट्रे की मदद से मृतक की पहचान कर आरोपी को गिरफ्तार किया।
Pune Murder Case: पुणे से एक बेहद सनसनीखेज और रूह कंपा देने वाली घटना सामने आई है, जहां मामूली बात पर दोस्ती का खून हो गया। नवी सांगवी इलाके में शराब पीने के दौरान हुए विवाद में 44 साल के एक शख्स ने अपने ही दोस्त की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी पिंट्या उर्फ विष्णु तानाजी कुंभार ने हत्या के बाद क्रूरता की सारी हदें पार करते हुए मृतक के पैर काटकर बोरे में भरे और कचरे के ढेर के पास फेंक दिए, जबकि धड़ को अपने ही घर के अंदर छिपाकर रखा था। पुलिस ने एक छोटी सी सुराग यानी कचरे के पास मिली सिम कार्ड ट्रे और सीसीटीवी फुटेज की मदद से इस अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझा ली।
पुणे मर्डर मिस्ट्री: कैसे खुला खौफनाक राज?
कचरे के ढेर में मिले पैर और पुलिस की जांच
- शुरुआती सुराग: शुक्रवार सुबह पिंपले गुरव इलाके में स्थानीय लोगों ने कचरे के ढेर के पास एक बोरा देखा, जिसमें इंसानी पैर भरे हुए थे। सांगवी पुलिस ने तुरंत हत्या और सबूत मिटाने का केस दर्ज किया।
- सिम कार्ड ट्रे बनी कुंजी: पुलिस ने घटनास्थल की छानबीन की तो वहां एक सिम कार्ड ट्रे और सीसीटीवी फुटेज मिले, जिससे मृतक की पहचान दिहाड़ी मजदूर अनिल बबन खाड़े के रूप में हुई।
Pune Murder: सिम कार्ड ट्रे से आरोपी तक पहुंची पुलिस
पुलिस ने CCTV फुटेज खंगाले और मृतक के परिवार से पूछताछ की। परिवार ने बताया कि अनिल करीब दो साल से घर नहीं लौटा था। उसके दोस्तों से जानकारी जुटाने पर पुलिस को पता चला कि वह एक नए दोस्त के साथ रह रहा था।
- पुलिस ने नवी सांगवी निवासी 44 वर्षीय पिंट्या उर्फ विष्णु तानाजी कुंभार का पता लगाया।
- आरोपी के घर पहुंचने पर तेज बदबू आई।
- तलाशी में घर से अनिल का धड़ बरामद हुआ और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
बेसबॉल बैट से हमला और घर में छिपा धड़
- शराब का विवाद: पुलिस के मुताबिक, शराब पीने के दौरान दोनों के बीच किसी बात पर तीखी बहस हो गई थी, जिसके बाद आरोपी ने बेसबॉल बैट से हमला कर अनिल की जान ले ली।
- धारदार हथियार से टुकड़े: हत्या के बाद आरोपी ने बिलहुक (धारदार हथियार) से शव के पैर अलग कर दिए और धड़ को घर के अंदर ही छिपाए रखा।
- बदबू से हुआ शक: जब पुलिस आरोपी के घर पहुंची, तो अंदर से तेज बदबू आ रही थी। तलाशी लेने पर वहाँ से मृतक का धड़ बरामद हुआ और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।














