Ketan Agarwal Murder Case : केतन अग्रवाल मर्डर केस में पुणे रूरल पुलिस हत्या के आरोपी सिया गोयल और चेतन चौधरी को लोहगढ़ किले पर ले गई। जहां क्राइम सीन को रीक्रिएट किया गया है।
पुणे (महाराष्ट्र) : केतन अग्रवाल मर्डर केस में पुणे रूरल पुलिस ने रविवार को दोनों आरोपियों को लोहगढ़ किले ले जाकर क्राइम सीन रीक्रिएट किया. अधिकारियों ने यह जानकारी दी। सिया गोयल और चेतन चौधरी को लोहगढ़ किले की उसी जगह पर ले जाया गया, जहां से कथित तौर पर धक्का दिए जाने के बाद केतन की मौत हुई थी।

केतन की मौत के वक्त की पूरी कहानी जानिए
ANI से बात करते हुए पुणे रूरल पुलिस के एसपी संदीप सिंह गिल ने कहा, "आरोपियों को लोहगढ़ किले पर ठीक उसी जगह ले जाया गया है, जहां यह घटना हुई थी, ताकि सीन को रीक्रिएट किया जा सके। हम पूरे घटनाक्रम को फिर से समझ रहे हैं: वे किस रास्ते से आए, कहां खड़े हुए, उन्होंने क्या किया और यह सब कैसे हुआ. आरोपी ने इस बारे में जानकारी दी है।"
बाइक से लेकर कपड़ों तक जुटाए सबूत
- लोनावला रूरल पुलिस ने 26 साल के बिजनेसमैन केतन अग्रवाल की हत्या के मामले में चल रही जांच के तहत आरोपी चेतन चौधरी की टू-व्हीलर गाड़ी भी जब्त कर ली है। पुलिस के मुताबिक, चेतन ने कथित तौर पर इसी टू-व्हीलर का इस्तेमाल पुणे से लोहगढ़ किले तक आने-जाने के लिए किया था। गाड़ी के अलावा, अधिकारियों ने वह हूडी और हेडफोन भी बरामद कर लिए हैं जो आरोपी ने घटना के दिन पहने थे।
- लोनावला पुलिस ने पुष्टि की है कि जब्त की गई टू-व्हीलर और आरोपी के कपड़ों की फॉरेंसिक जांच की गई है।
- इससे पहले, मुख्य आरोपी सिया गोयल के माता-पिता, प्रवीण गोयल और पूजा गोयल से भी पूछताछ के लिए लोनावला पुलिस स्टेशन बुलाया गया था।
लव स्टोरी से मर्डर तक की पूरी कहानी
- आपको बता दें कि 18 जून को पुणे के पास लोहगढ़ किले से गिरकर केतन अग्रवाल की मौत हो गई थी, जिसके बाद मामला दर्ज किया गया था. लोनावला रूरल पुलिस को शक है कि मुख्य आरोपी सिया गोयल अपनी जिंदगी के इस पड़ाव पर शादी नहीं करना चाहती थी और पीड़ित से शादी करने के लिए उस पर कथित तौर पर परिवार का दबाव था।
- केतन अग्रवाल की मंगेतर सिया गोयल और उसके दोस्त चेतन चौधरी को 23 जून को गिरफ्तार किया गया था। वे फिलहाल 29 जून तक सात दिन की पुलिस हिरासत में हैं और आगे की जांच जारी है।
सीएम देवेंद्र फडणवीस की निगरानी में हो रही जांच
- इस घटना के बाद, महाराष्ट्र सरकार ने मामले की सुनवाई के लिए एक फास्ट-ट्रैक कोर्ट बनाने की मंजूरी दे दी है और राज्यसभा सांसद व सीनियर वकील उज्ज्वल निकम को इस केस में विशेष सरकारी वकील नियुक्त किया है।
- यह फैसला तब लिया गया जब पीड़ित के पिता ने पुणे में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात कर मामले में जल्द न्याय की गुहार लगाई थी. मुख्यमंत्री ने परिवार को भरोसा दिलाया कि आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और मामले की सुनवाई फास्ट-ट्रैक में होगी।


