दिल्ली पुलिस के एक सब-इंस्पेक्टर की जमकर तारीफ हो रही है। उन्होंने महिपालपुर फ्लाईओवर पर सुसाइड करने की कोशिश कर रहे एक युवक की जान बचाई। इस दिलेरी का वीडियो भी सामने आया है।
दिल्ली पुलिस के एक सब-इंस्पेक्टर की सूझबूझ और दिलेरी ने एक युवक की जान बचा ली। घटना महिपालपुर फ्लाईओवर की है, जहां एक युवक सुसाइड करने के इरादे से किनारे पर खतरनाक तरीके से खड़ा था। इस पूरी घटना का वीडियो खुद दिल्ली पुलिस ने अपने ऑफिशियल X अकाउंट पर शेयर किया है। वीडियो में सब-इंस्पेक्टर अनिल शर्मा की बहादुरी साफ दिख रही है, जिनकी वजह से एक बड़ा हादसा टल गया।

वीडियो में दिखता है कि SI अनिल शर्मा युवक की तरफ दौड़ने के बजाय, शांति से उससे बातचीत कर रहे हैं। उन्होंने पहले युवक को शांत करने की कोशिश की और उसका भरोसा जीता। उन्होंने युवक को पानी पिलाया और उससे धीरज से बात करते रहे। दिल्ली पुलिस के मुताबिक, शर्मा ने युवक का ध्यान भटकाने के लिए उसे अपना मोबाइल फोन भी दे दिया।
जैसे ही युवक का ध्यान फोन पर गया, शर्मा ने फुर्ती दिखाते हुए उसे मजबूती से पकड़ लिया और किनारे से दूर खींच लिया। इसके बाद आसपास मौजूद दूसरे लोग भी मदद के लिए आगे आए और युवक को सुरक्षित जगह पर ले जाया गया।
दिल्ली पुलिस ने भी अपने अफसर की तारीफ करते हुए उनकी समझदारी, हिम्मत और हाजिरजवाबी को सराहा है। पुलिस ने बताया, "मौके पर पहुंचकर SI अनिल शर्मा ने युवक को बातचीत के जरिए शांत किया, उसे पानी पिलाया और अपना मोबाइल देकर उसका ध्यान भटकाया। सही मौका देखते ही, उन्होंने फुर्ती से युवक को सुरक्षित पकड़ लिया और फ्लाईओवर से दूर खींच लिया। उनकी संवेदनशीलता और तुरंत एक्शन ने एक कीमती जान बचा ली।"
इस रेस्क्यू के बाद सोशल मीडिया पर लोग SI शर्मा की जमकर तारीफ कर रहे हैं। यूजर्स का कहना है कि शर्मा ने ड्यूटी के दौरान बहादुरी और इंसानियत, दोनों की मिसाल पेश की है।
