Rahul Gandhi Police Video: प्रधानमंत्री आवास के बाहर प्रदर्शन के दौरान राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और अन्य विपक्षी नेताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया। वायरल वीडियो में राहुल गांधी को पुलिसकर्मी सड़क से हटाते नजर आ रहे हैं।
प्रधानमंत्री आवास के बाहर मंगलवार को छात्रों के मुद्दे पर कांग्रेस के प्रदर्शन के दौरान उस समय सियासी माहौल और गर्म हो गया, जब कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी को पुलिस ने हिरासत में लेकर प्रदर्शन स्थल से हटाया। इस दौरान का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें पुलिसकर्मी राहुल गांधी को सड़क से उठाकर ले जाते दिखाई दे रहे हैं। इसी कार्रवाई के दौरान प्रियंका गांधी, सपा प्रमुख अखिलेश यादव समेत कई विपक्षी नेताओं को भी हिरासत में लेकर बस के जरिए वहां से ले जाया गया।
वायरल वीडियो में क्या दिख रहा है?
प्रदर्शन के दौरान राहुल गांधी सड़क पर धरने पर बैठे रहे और पुलिस कार्रवाई के बीच भी अपनी जगह से हटने को तैयार नहीं हुए। वायरल वीडियो में कई पुलिसकर्मी उन्हें उठाकर प्रदर्शन स्थल से ले जाते नजर आ रहे हैं। इसी दौरान प्रियंका गांधी और अन्य विपक्षी नेताओं को भी हिरासत में लिया गया और पुलिस बस में बैठाकर वहां से ले गई। यह प्रदर्शन प्रधानमंत्री आवास के निकट छात्रों के मुद्दे और कथित पुलिस कार्रवाई के विरोध में किया गया था। कांग्रेस नेताओं ने 'छात्रों को न्याय दो' और 'प्रधानमंत्री इस्तीफा दो' जैसे नारे भी लगाए।
यह भी पढ़ें: राहुल गांधी की नाक से बहता दिखा खून, क्या पुलिस के साथ धक्का-मुक्की में लगी चोट?
हिरासत के बाद राहुल गांधी का सरकार पर हमला
हिरासत में लिए जाने के बाद राहुल गांधी ने सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा, "मोदी जी, हर जोर आजमा लो, सारी ताकत लगा लो, छात्रों के इंसाफ की ये लड़ाई अब रोके न रुकेगी।" उन्होंने आगे कहा कि, "गिरफ्तार करो, जेल में डालो, फर्क नहीं पड़ता। मोदी सरकार की सत्ता की ताकत से ज्यादा बड़ी हमारे सत्याग्रह की शक्ति है। हमारे बच्चों के साथ हुए अत्याचार का हिसाब तो देना ही होगा।" धरने में समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव, प्रियंका गांधी, केसी वेणुगोपाल, डीके शिवकुमार, जयराम रमेश, रणदीप सुरजेवाला, पवन खेड़ा सहित कई विपक्षी नेता मौजूद रहे।
धरने से पहले हुई बातचीत, फिर पुलिस की कार्रवाई
प्रदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री कार्यालय में राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह और गृह सचिव गोविंद मोहन भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने राहुल गांधी से धरना समाप्त करने का आग्रह किया, लेकिन कांग्रेस नेताओं का कहना था कि उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं।
राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि सरकार छात्रों से जुड़े मुद्दे पर न तो जवाबदेही तय करना चाहती है और न ही संसद में इस पर चर्चा की अनुमति दे रही है। वहीं प्रियंका गांधी ने भी शिक्षा मंत्री के इस्तीफे और संसद में चर्चा की मांग दोहराई। इससे पहले दोनों नेता राम मनोहर लोहिया अस्पताल जाकर घायल छात्रों से भी मिले थे। प्रदर्शन के कुछ देर बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कई नेताओं को हिरासत में लेकर प्रदर्शन समाप्त करा दिया।
यह भी पढ़ें: धान का कटोरा अब बना डेयरी हब! धमतरी की श्वेत क्रांति बदल रही हजारों परिवारों की किस्मत
