Rahul Gandhi Detained: पेपर लीक और छात्रों के मुद्दे पर प्रधानमंत्री आवास के बाहर कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन के दौरान राहुल गांधी और प्रियंका गांधी समेत कई नेताओं को पुलिस ने हिरासत में लेकर बस से हटाया।

पेपर लीक और छात्रों से जुड़े मुद्दों को लेकर दिल्ली में मंगलवार को राजनीतिक माहौल बेहद गरमा गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आवास की ओर मार्च निकालने के बाद कांग्रेस नेताओं का विरोध प्रदर्शन देर शाम तक जारी रहा। हालांकि, पुलिस ने कार्रवाई करते हुए लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा समेत कई नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर बस के जरिए वहां से हटाया। इस घटनाक्रम ने संसद के साथ-साथ सड़क पर भी राजनीतिक बहस को तेज कर दिया है।

PM आवास तक मार्च, राहुल गांधी धरने पर बैठे

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं ने राजाजी मार्ग से लोक कल्याण मार्ग स्थित प्रधानमंत्री आवास तक मार्च निकाला। प्रदर्शन के दौरान राहुल गांधी सड़क पर धरने पर बैठ गए और समर्थकों से भी विरोध प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की। राहुल गांधी ने कहा कि छात्रों के साथ हुई कथित बर्बरता पर सरकार को जवाब देना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार संसद में इस मुद्दे पर चर्चा से बच रही है। कांग्रेस की मांग है कि कथित पेपर लीक मामले पर संसद में चर्चा कराई जाए और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दें।

यह भी पढ़ें: राहुल गांधी ने PM मोदी से मांगा इस्तीफा, PM आवास के बाहर कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन

पुलिस ने राहुल और प्रियंका गांधी को हिरासत में लिया

शाम करीब 6:40 बजे के बाद पुलिस ने प्रदर्शन स्थल खाली कराना शुरू किया। इस दौरान राहुल गांधी धरने पर डटे रहे, जिसके बाद पुलिसकर्मी उन्हें उठाकर वहां से ले गए। बाद में राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और कई अन्य कांग्रेस नेताओं को हिरासत में लेकर पुलिस बस में बैठाकर प्रदर्शन स्थल से हटाया गया। पुलिस कार्रवाई के बाद राहुल गांधी ने कहा कि लोकतंत्र में विपक्ष की आवाज दबाई नहीं जा सकती। वहीं कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि उनका शांतिपूर्ण प्रदर्शन बलपूर्वक समाप्त कराया गया।

सरकार और कांग्रेस के बीच नहीं बनी सहमति

प्रदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री कार्यालय में राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे और राहुल गांधी से बातचीत की। हालांकि दोनों पक्षों के बीच कोई सहमति नहीं बन सकी। कांग्रेस सांसद सैयद नासिर हुसैन ने कहा कि जब तक शिक्षा मंत्री के इस्तीफे और पेपर लीक पर संसद में चर्चा की मांग पूरी नहीं होगी, पार्टी अपना विरोध जारी रखेगी।

वहीं डॉ. जितेंद्र सिंह ने दावा किया कि सरकार संसद में इस मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार थी, लेकिन कांग्रेस ने बाद में अपनी मांगों में शिक्षा मंत्री के इस्तीफे को भी जोड़ दिया। ऐसे में बातचीत बेनतीजा रही और कुछ ही देर बाद पुलिस ने प्रदर्शन समाप्त करा दिया। अब इस पूरे घटनाक्रम के बाद पेपर लीक का मुद्दा देश की राजनीति के केंद्र में आ गया है।

यह भी पढ़ें: PM आवास के बाहर राहुल गांधी के साथ क्या हुआ? पुलिस कार्रवाई के बाद खून से लाल दिखी तस्वीर