PM मोदी ने पेट्रोल, विदेश यात्रा और तेल की खपत कम करने की अपील की। राहुल गांधी ने इसे सरकार की नाकामी बताया। अब मंत्रालय इन सुझावों पर जागरूकता फैलाने के लिए कदम उठाएंगे और बीजेपी शासित राज्य भी इन्हें अपनाएंगे।
नई दिल्ली: कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री मोदी के कल के बयान को उनकी नाकामी का सबूत बताया है। राहुल ने आरोप लगाया कि पीएम अपनी सरकार की नाकामियों की जिम्मेदारी जनता पर थोपना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि क्या खरीदें और कहां न जाएं, जैसी सलाह देना अपनी गलतियों को छिपाने की एक कोशिश है।

खबर है कि मोदी के सेल्फ-कंट्रोल यानी खुद पर पाबंदी लगाने वाले सुझावों पर अलग-अलग मंत्रालय चर्चा करेंगे। इस बारे में जागरूकता फैलाने के लिए और भी कदम उठाए जाएंगे। बीजेपी शासित राज्य सरकारें भी इन सुझावों को अपनाएंगी। फिलहाल किसी तरह के आंशिक लॉकडाउन पर कोई विचार नहीं किया जा रहा है। प्रधानमंत्री मोदी ने यह अपील पश्चिम एशिया में चल रहे तनाव को देखते हुए की है।
पीएम मोदी ने कल लोगों से कई अपील की थीं। उन्होंने कहा था कि कोविड के समय की तरह खुद पर कंट्रोल रखें। पेट्रोल और डीजल का इस्तेमाल कम से कम करें। वर्क फ्रॉम होम को बढ़ावा दिया जाए। विदेशी मुद्रा भंडार बचाने के लिए विदेश यात्राएं टाल दें। कारपूलिंग जैसे तरीके अपनाएं। ईंधन के इम्पोर्ट पर निर्भरता घटाई जाए। जिन शहरों में मेट्रो है, वहां लोग उसका इस्तेमाल करें। साथ ही खाने के तेल का इस्तेमाल 10 प्रतिशत तक कम करने के लिए भी कहा था।
