Finance Ministry new coin: गुजरात के मशहूर मोढेरा सूर्य मंदिर के 1000 साल पूरे होने पर वित्त मंत्रालय 100 रुपये का खास सिक्का जारी करेगा। इस सिक्के पर अशोक स्तंभ और सूर्य मंदिर की तस्वीर होगी।

Gujarat Modhera Temple History: गुजरात के ऐतिहासिक मोढेरा सूर्य मंदिर के 1000 साल पूरे होने जा रहे हैं। इस खास मौके को यादगार बनाने के लिए वित्त मंत्रालय ने 100 रुपये का स्मारक सिक्का जारी करने का फैसला किया है। शुक्रवार को मंत्रालय ने एक गजट नोटिफिकेशन जारी कर इसकी जानकारी दी। यह सिक्का 'सिक्का निर्माण अधिनियम, 2011' (Coinage Act, 2011) के तहत जारी किया जाएगा। इसके लिए "सिक्का निर्माण (गुजरात के मोढेरा सूर्य मंदिर के 1000 वर्ष के अवसर पर स्मारक सिक्के का निर्गम) नियम, 2026" को औपचारिक रूप दिया गया है।

कैसा होगा सिक्के का डिजाइन?

सिक्के का अगला हिस्सा

सिक्के के अगले हिस्से (Obverse) के ठीक बीच में अशोक स्तंभ का सिंह शीर्ष होगा। इसके ठीक नीचे 'सत्यमेव जयते' लिखा होगा। सिक्के के बाईं तरफ देवनागरी लिपि में 'भारत' और दाईं तरफ अंग्रेजी में 'INDIA' लिखा होगा। इसके साथ ही रुपये का सिंबल "₹" और अंतरराष्ट्रीय अंकों में "100" भी छपा होगा।

सिक्के का पिछला हिस्सा

सिक्के के पिछले हिस्से (Reverse) के बीच में मोढेरा सूर्य मंदिर की खूबसूरत तस्वीर होगी। मंदिर की तस्वीर के ठीक ऊपर "1026–2026" लिखा होगा। वहीं, नीचे की तरफ अंग्रेजी में "1000 YEARS OF MODHERA SUN TEMPLE, GUJARAT" लिखा नजर आएगा।

मोढेरा सूर्य मंदिर के बारे में

यह स्मारक सिक्का मोढेरा के सूर्य मंदिर के एक हजार साल पूरे होने के जश्न का हिस्सा है। यह भव्य मंदिर सूर्य देव को समर्पित है। अपनी शानदार वास्तुकला और 'सूर्य कुंड' नाम की बावड़ी (stepwell) के लिए मशहूर यह मंदिर भारत की अनमोल धरोहरों में से एक है।