Russia-Ukraine War: रूस-यूक्रेन युद्ध क्या 5वें साल खत्म होने जा रहा है? डोनाल्ड ट्रंप के दूतों के मॉस्को पहुंचते ही व्लादिमीर पुतिन ने कीव पर 3 दिन हमले रोक दिए हैं।

Russia Ukraine Peace Talks: रूस और यूक्रेन के बीच पिछले 5 साल से जारी विनाशकारी महायुद्ध में अचानक एक कूटनीतिक मोड़ आ गया है। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने शनिवार से यूक्रेन की राजधानी कीव पर होने वाले सभी हवाई हमलों पर 3 दिन की रोक (Ceasefire Pause) लगाने का आदेश दे दिया है। हर दिन मिसाइलों और ड्रोनों के साए में जीने वाले कीव पर बमबारी रोकने का यह फैसला ऐसे वक्त में आया है, जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दो बेहद खास दूत स्टीव विटकॉफ और जेरेड कुशनर शांति वार्ता को दोबारा शुरू कराने के लिए मॉस्को पहुंचे हैं।

मॉस्को में अमेरिकी दूतों की एंट्री और पुतिन से मुलाकात

क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेसकोव ने कंफर्म किया है कि राष्ट्रपति पुतिन शनिवार को अमेरिकी प्रतिनिधियों के साथ बैठक करने वाले हैं। अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल का स्वागत रूसी राष्ट्रपति के विशेष दूत किरिल दिमित्रिएव ने किया। इस हाई-प्रोफाइल दौरे को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि वॉशिंगटन युद्ध खत्म करने के लिए एक बिल्कुल नया और ठोस प्रस्ताव लेकर आया है। ट्रंप ने मीडिया से बातचीत में कहा, 'हमारे पास शांति का एक ठोस विचार (Idea for Peace) है। मैंने अपने दो सबसे बेहतरीन वार्ताकारों स्टीव विटकॉफ और जेरेड कुशनर को वहां भेजा है। वे शानदार काम कर रहे हैं और हम देखना चाहते हैं कि क्या कोई सहमति बन सकती है। इस बात की पूरी संभावना है कि हम इसमें कामयाब होंगे।'

जेलेंस्की ने भी दिए हमले रोकने के संकेत

मॉस्को में पुतिन से बातचीत के बाद अमेरिकी दूतों का यूक्रेन जाने का भी कार्यक्रम है। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने साफ किया कि अमेरिकी डेलिगेशन की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यूक्रेन भी अपनी तरफ से कोई हवाई हमला नहीं करेगा। जेलेंस्की ने सोशल मीडिया पर कहा, 'हम यह कदम रूस के लिए नहीं, बल्कि अमेरिकी दूतों की सुरक्षित आवाजाही के लिए उठा रहे हैं। हमारी तरफ से कोई एयर स्ट्राइक नहीं होगी और बातचीत जारी रहने तक रूस को भी ऐसा ही करना चाहिए।'

Scroll to load tweet…

भीषण हमलों के बीच शांति की तलाश

शांति वार्ता की यह पहल ऐसे समय में हो रही है जब 24 घंटे पहले ही दोनों देशों ने एक-दूसरे पर भीषण हमले किए थे। शुक्रवार को ही एक रूसी ड्रोन ने कीव में यूक्रेन की प्रमुख खुफिया एजेंसी एसबीयू (SBU) के मुख्यालय को निशाना बनाया था। इसके अलावा निप्रोपेत्रोव्स्क और मायकोलाइव इलाकों में हुए हमलों में कई लोगों की जान गई थी। यूक्रेन की वायुसेना के मुताबिक, रूस ने एक ही रात में 167 अटैक ड्रोन और बैलिस्टिक मिसाइलें दागी थीं, जिनमें से 128 को हवा में ही मार गिराया गया। वहीं रूस ने भी अपने इलाके बेलगोरोद में यूक्रेनी ड्रोन मार गिराने का दावा किया था।

क्या पांचवें साल में खत्म होगा रूस-यूक्रेन युद्ध?

जमीनी हकीकत यह है कि युद्ध के मैदान में दोनों देश अब एक-दूसरे के सीमा के अंदर तक लंबी दूरी के हमले कर रहे हैं। शांति की राह में सबसे बड़ा रोड़ा दोनों पक्षों की अपनी-अपनी शर्तें हैं। पुतिन प्रशासन का साफ कहना है कि यूक्रेन अपने चार प्रमुख क्षेत्रों से दावा छोड़े और नाटो (NATO) में शामिल होने की जिद पूरी तरह छोड़ दे। वहीं, जेलेंस्की किसी भी सूरत में अपनी जमीन रूस को सौंपने के लिए तैयार नहीं हैं।