Riyadh Missile Attac: सऊदी गठबंधन सेना ने रियाद की तरफ दागे गए हूती विद्रोहियों के एक बैलिस्टिक मिसाइल को सफलतापूर्वक नष्ट कर दिया है। लगातार हो रहे इन हमलों को देखते हुए मक्का रक्षा समझौते के तहत तुर्की और पाकिस्तान अब सऊदी अरब में अपनी सेना भेजेंगे।
Saudi Arabia Missile Attack: सऊदी अरब की वायु रक्षा प्रणाली ने बुधवार को रियाद के उत्तरी इलाके को निशाना बनाकर दागी गई एक बैलिस्टिक मिसाइल को हवा में ही नष्ट कर दिया। सऊदी नेतृत्व वाले गठबंधन के प्रवक्ता मेजर जनरल तुर्की अल-मलिकी ने बताया कि यह मिसाइल हूती मिलिशिया की ओर से दागी गई थी। उन्होंने कहा कि सऊदी अरब और उसके नागरिकों को निशाना बनाने वाले किसी भी हमले का जवाब दिया जाएगा।
रियाद को निशाना बनाकर दागी गई मिसाइल
मेजर जनरल तुर्की अल-मलिकी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बताया कि हूती विद्रोहियों ने रियाद के उत्तर की दिशा में बैलिस्टिक मिसाइल लॉन्च की थी। सऊदी वायु रक्षा ने समय रहते इसका पता लगाकर इसे हवा में ही इंटरसेप्ट कर दिया। अधिकारियों के मुताबिक, इस घटना में किसी बड़े नुकसान की जानकारी नहीं है।
एक दिन पहले भी हुआ था मिसाइल हमला
इससे एक दिन पहले असीर क्षेत्र के अहद रुफैदा, नजरान और खमिस मुशैत में भी हूती हमलों की खबर सामने आई थी। सऊदी वायुसेना ने अहद रुफैदा की ओर दागी गई एक बैलिस्टिक मिसाइल को भी मार गिराया था। हालांकि, मिसाइल का मलबा जमीन पर गिरने के बाद एक एशियाई प्रवासी घायल हो गया।
मलबे से इमारत और गाड़ियों को नुकसान
सऊदी नागरिक सुरक्षा के मुताबिक, मिसाइल के मलबे की चपेट में आने से एक इमारत के अंदर बना प्रार्थना कक्ष और आसपास खड़ी कई गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं। घायल व्यक्ति को उपचार के लिए अस्पताल भेजे जाने की जानकारी दी गई है।
सऊदी की मदद के लिए तुर्की-पाकिस्तान की तैयारी
सऊदी अरब पर बढ़ते हूती हमलों के बीच तुर्की और पाकिस्तान के साथ सैन्य सहयोग भी चर्चा में है। रिपोर्ट के मुताबिक, दोनों देश हाल में हुए मक्का संयुक्त रक्षा समझौते के तहत सऊदी अरब की सुरक्षा में सहयोग कर सकते हैं।
क्या है मक्का संयुक्त रक्षा समझौता?
समझौते के तहत किसी एक सदस्य देश पर हमला होने की स्थिति में उसे अन्य सदस्य देशों पर हमला माना जाएगा। ऐसे हालात में सहयोगी देश एक-दूसरे की सुरक्षा में सहायता करेंगे। इसी व्यवस्था के तहत तुर्की और पाकिस्तान की ओर से सऊदी अरब को सैन्य सहयोग दिए जाने की बात सामने आई है।
