SCO की ग्रुप फोटो से PM मोदी को हटाने पर एकनाथ शिंदे और एमजे अकबर ने पाकिस्तान को घेरा। शिंदे बोले- मोदी चाहें तो पलक झपकते पाकिस्तान को ही नक्शे से हटा सकते हैं।

PM Modi SCO Photo Controversy: किर्गिस्तान के बिश्केक में आयोजित SCO समिट की ग्रुप फोटो को लेकर भारत और पाकिस्तान के बीच नया विवाद खड़ा हो गया है। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) ने अपने X हैंडल पर जो ग्रुप फोटो शेयर की, उसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई नेताओं को क्रॉप करके हटा दिया गया था। इस तस्वीर को दोनों तरफ से क्रॉप किया गया था। इसकी वजह से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन और कुछ अन्य नेता तस्वीर में दिखाई नहीं दे रहे थे।

कैसे बेनकाब हुआ पाकिस्तान?

पाकिस्तान PMO ने मंगलवार को तस्वीर पोस्ट करते हुए लिखा, "प्रधानमंत्री मुहम्मद शहबाज शरीफ 1 सितंबर 2026 को किर्गिस्तान के बिश्केक में SCO काउंसिल ऑफ हेड्स ऑफ स्टेट समिट में राष्ट्राध्यक्षों के साथ ग्रुप फोटो में।" हालांकि, पाकिस्तान PMO की ओर से तस्वीर पोस्ट किए जाने के कुछ घंटे बाद खुद प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने सोशल मीडिया पर वही असली तस्वीर शेयर कर दी, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत सभी नेता मौजूद थे।

Scroll to load tweet…

शहबाज शरीफ ने असली SCO फोटो की शेयर

शहबाज शरीफ ने अपने पोस्ट में कहा कि उन्हें बिश्केक में SCO काउंसिल ऑफ हेड्स ऑफ स्टेट की बैठक को संबोधित करने का सम्मान मिला। उन्होंने बताया कि पाकिस्तान ने 2027 के लिए SCO की अध्यक्षता संभाल ली है। उन्होंने समिट की सफल मेजबानी और संगठन को बेहतर तरीके से चलाने के लिए किर्गिस्तान को बधाई दी।

Scroll to load tweet…

PM मोदी की तस्वीर हटाने पर एकनाथ शिंदे का पलटवार

पाकिस्तान PMO की ओर से शेयर की गई क्रॉप की गई तस्वीर पर महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने तीखी प्रतिक्रिया दी। शिंदे ने इस कदम को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान पहले भी इस तरह की हरकतें करने की कोशिश करता रहा है। एकनाथ शिंदे ने कहा, "भले ही उन्होंने मोदी जी की तस्वीर हटा दी हो, लेकिन अगर मोदी जी चाहें तो वह पाकिस्तान को दुनिया के नक्शे से हटा सकते हैं।" उन्होंने 'ऑपरेशन सिंदूर' का भी जिक्र किया और पाकिस्तान को भारत के साथ इस तरह के खेल खेलने की कोशिश नहीं करने की चेतावनी दी।

'तस्वीर हटाने से मोदी को दिलों से नहीं मिटा सकते'

एकनाथ शिंदे ने कहा कि तस्वीर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को हटाने की कोशिश उन्हें 140 करोड़ भारतीयों के दिलों से नहीं मिटा सकती। शिंदे ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेताओं में से एक हैं। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान की इस तरह की कोशिशों से भारत में प्रधानमंत्री मोदी की लोकप्रियता पर कोई असर नहीं पड़ेगा।

Scroll to load tweet…

एमजे अकबर ने भी पाकिस्तान को घेरा

पूर्व विदेश राज्य मंत्री एम.जे. अकबर ने भी पाकिस्तान PMO की ओर से तस्वीर को क्रॉप करने के फैसले की आलोचना की। अकबर ने कहा कि पाकिस्तान हर अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में इसी तरह अपना मजाक बनवाता है। उन्होंने तस्वीर में की गई इस तरह की "सेंसरशिप" को घमंड की हद बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी को तस्वीर से इस तरह हटाया गया, जैसे वह वहां मौजूद ही नहीं थे। वहीं, पाकिस्तान के प्रधानमंत्री को तस्वीर के बीच में रखा गया और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग को किनारे कर दिया गया।

'पाकिस्तान की गहरी हीन भावना का सबूत'

एमजे अकबर ने पाकिस्तान के इस कदम को "बहुत गहरी हीन भावना" का सबूत बताया। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान बार-बार इस तरह का व्यवहार दिखाता है और यह रवैया आगे चलकर बेहद बेतुके व्यवहार में बदल जाता है। अकबर ने आतंकवाद का भी जिक्र करते हुए पाकिस्तान के रवैये पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि यह हीन भावना से ग्रस्त किसी दबंग के व्यवहार जैसा है। उन्होंने यह भी कहा कि पाकिस्तान जहां भी बैठता है, वह टेबल के सबसे निचले पायदान पर होता है।

SCO समिट में PM मोदी ने आतंकवाद पर दिया संदेश

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को 26वें SCO शिखर सम्मेलन को संबोधित किया। उन्होंने पश्चिम एशिया के विवाद को बातचीत और कूटनीति के जरिए सुलझाने की जरूरत पर जोर दिया। PM मोदी ने SCO के सदस्य देशों से आतंकवाद की चुनौती का एकजुट होकर सामना करने की अपील की। उन्होंने देशों से आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में "दोहरे मापदंड" छोड़ने का आग्रह भी किया।