Anganwadi Helper Viral Video: मध्य प्रदेश से कुछ ऐसे वायरल वीडियो सामने आए हैं, जिन्होंने सबको हैरान कर दिया है। कहीं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और टीचर बच्चों से अपने पैर दबवा रहे हैं, तो कहीं एक टीचर मासूम बच्चों को शराब लाने भेज रहा है।
MP School Shocking Incident: मध्य प्रदेश के स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों से लगातार हैरान करने वाले वीडियो सामने आ रहे हैं। शुक्रवार को सोशल मीडिया पर एक नया वीडियो वायरल हुआ। इसमें एक आंगनबाड़ी कार्यकर्ता मासूम बच्ची से अपने पैर दबवा रही है। इससे पहले भी बच्चों से मिट्टी खुदवाने और सोते हुए टीचर के पास बच्चों से बर्तन मंजवाने के वीडियो सामने आ चुके हैं। ताजा मामला छिंदवाड़ा जिले के परासिया स्थित चांदामेटा के वार्ड नंबर 12 (चाचा मोहल्ला) के आंगनबाड़ी केंद्र का है।
वीडियो में साफ दिख रहा है कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता फर्श पर मजे से लेटी है। वहीं एक छोटी सी बच्ची उसके पैरों पर खड़ी होकर उन्हें दबा रही है। वीडियो में कार्यकर्ता बच्ची को यह भी बता रही है कि उसे कहां और कैसे पैर दबाने हैं।
इस घटना के बाद आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों की देखभाल और सुरक्षा पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। अब देखना है कि प्रशासन इस मामले में क्या कार्रवाई करता है और घटना की पूरी सच्चाई क्या निकलकर आती है।
यहां देखें वायरल वीडियो
पहले भी सामने आ चुके हैं ऐसे मामले
छिंदवाड़ा से पहले भोपाल के गांधीनगर स्थित शासकीय महात्मा गांधी हायर सेकेंडरी स्कूल से भी ऐसा ही मामला सामने आया था। वहां एक टीचर कुर्सी पर बैठी थी और उसने अपना एक पैर दूसरी कुर्सी पर रखा था, जबकि एक छात्रा उसके पैर दबा रही थी। यह घटना गुरुवार की बताई गई थी, जिसका वीडियो कुछ दिन बाद वायरल हुआ। हालांकि, टीचर ने सफाई देते हुए कहा कि स्कूल के गेट के पास टूटी टाइल्स के गड्ढे में पैर जाने से उन्हें चोट लग गई थी, इसलिए बच्ची दर्द कम करने के लिए पैर दबा रही थी।
इसी तरह छतरपुर के एक सरकारी स्कूल में भी शर्मनाक घटना घटी। यहां एक टीचर पर स्कूल में शराब पीने और नाबालिग बच्चों से शराब मंगवाने का आरोप लगा। यह मामला बमनौर संकुल के तहत आने वाले हैदराबाद गांव के सरकारी मिडिल स्कूल का है। ग्रामीणों का आरोप है कि टीचर भगवानदास अहिरवार अक्सर शराब पीकर स्कूल आते हैं और बच्चों को शराब खरीदने भेजते हैं। एक वीडियो में कुछ बच्चे शराब की बोतल ले जाते हुए दिख रहे हैं और वे टीचर को 'मासाब' कह रहे हैं।
