Shraddha Dubey Case: लखनऊ में शिवा शर्मा हत्याकांड की आरोपी श्रद्धा दुबे के फिर फरार होने के बाद पुलिस में कार्रवाई तेज हो गई है। DCP और ACP समेत कई अधिकारियों पर गाज गिरी।
लखनऊ में करोड़पति कारोबारी शिवा शर्मा हत्याकांड की मुख्य आरोपी बताई जा रही श्रद्धा दुबे का मामला अब पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बन गया है। मीडिया के सामने आने और बातचीत के बाद श्रद्धा का दोबारा फरार हो जाना पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। मामला बढ़ा तो अब लखनऊ पुलिस में लगातार अधिकारियों के तबादले और कार्रवाई शुरू हो गई है।
इंस्पेक्टर के बाद DCP और ACP पर भी कार्रवाई
श्रद्धा दुबे के वीडियो के सामने आने के बाद सबसे पहले लखनऊ पुलिस कमिश्नर ने संबंधित इंस्पेक्टर को लाइन हाजिर किया। इसके बाद डीजीपी ने लखनऊ सेंट्रल के डीसीपी विक्रांत वीर को हटा दिया और उनकी जगह डीसीपी ट्रैफिक अर्पित विजयवर्गीय को जिम्मेदारी दी गई।
अब पुलिस कमिश्नर तरुण गाबा ने हजरतगंज के एसीपी रजनीश वर्मा को भी सर्किल से हटा दिया है। उनकी जगह एसीपी कैसरबाग रहे अभिषेक पांडेय को हजरतगंज की जिम्मेदारी दी गई है। रजनीश वर्मा को अब एसीपी क्राइम बनाया गया है।
यह भी पढ़ें: Delhi Biogas Plant: सीएम रेखा गुप्ता ने गोयला डेयरी में किया बायोगैस प्लांट का उद्घाटन, 6 और बनेंगे
श्रद्धा केस से जुड़ी रहेगी जांच?
रजनीश वर्मा को एसीपी क्राइम बनाए जाने के बाद माना जा रहा है कि हजरतगंज सर्किल से हटने के बावजूद वह श्रद्धा दुबे मामले की जांच से जुड़े रह सकते हैं। इस बीच पुलिस की कार्रवाई यहीं रुकने के संकेत नहीं हैं। सूत्रों के मुताबिक, अगले 12 से 24 घंटे में कुछ और पुलिसकर्मियों या अधिकारियों पर कार्रवाई हो सकती है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।
बहराइच से नेपाल और फिर लखनऊ, लगातार बदल रही लोकेशन
शिवा शर्मा हत्याकांड के बाद से श्रद्धा दुबे के लगातार ठिकाने बदलने की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि वह अपनी बहन और ड्राइवर के साथ लखनऊ से बहराइच गई, जबकि पुलिस के वहां पहुंचने तक उसके नेपाल जाने की जानकारी मिली। पुलिस नेपाल में उसकी तलाश कर रही थी, तभी उसके गोरखपुर पहुंचने की बात सामने आई। इसके बाद वह लखनऊ आई और मीडिया से बातचीत की। लेकिन इसके बाद एक बार फिर उसके फरार होने से पुलिस की मुश्किलें बढ़ गई हैं। अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर श्रद्धा पुलिस की पकड़ से बार-बार कैसे निकल रही है?
यह भी पढ़ें: कौन हैं IPS तेजस्विनी गौतम? जिन्होंने टाइगर श्रॉफ केस के शूटरों को 15 मिनट में कोटा से पकड़ा






