पंजाब के फतेहगढ़ साहिब और जालंधर में हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में 6 लोगों की जान चली गई। सरहिंद में एक गाड़ी को पीछे से टक्कर मारी गई, जिसमें तीन कांवड़ियों की मौत हो गई और एक घायल है।
फतेहगढ़ साहिब : पंजाब में दो अलग-अलग सड़क हादसों ने 6 जिंदगियां छीन लीं। पहला हादसा फतेहगढ़ साहिब के सरहिंद में हुआ, जहां तीन कांवड़ियों की मौत हो गई। दूसरा हादसा जालंधर में हुआ, जिसमें तीन अन्य लोगों की जान चली गई। पुलिस ने बताया कि सरहिंद में एक पेट्रोल पंप के पास हुए सड़क हादसे में तीन कांवड़ियों की मौत हो गई और एक व्यक्ति घायल हो गया।
असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर (ASI) तिलक राज के मुताबिक, हादसा देर रात करीब 1 बजे हुआ। कांवड़ियों की गाड़ी गिद्दड़बाहा से फरीदकोट जा रही थी, तभी पीछे से एक दूसरी गाड़ी ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में जगदीश, महिंदर पाल और दीपक कुमार की मौत हो गई। वहीं, एक घायल व्यक्ति को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले की आगे जांच की जा रही है।"
जालंधर में खड़े ट्रक से टकराई कार, 3 की मौत
वहीं, जालंधर-मकसूदां बाईपास हाईवे पर भी एक भीषण सड़क हादसा हुआ। यहां एक कार सड़क किनारे खड़े ट्रक में जा घुसी, जिससे कार में सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। (SHO) एसआई राकेश कुमार ने बताया कि पुलिस को सुबह करीब 6:30 बजे इस हादसे की जानकारी मिली। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह डैमेज हो गई और तीनों सवारों की मौके पर ही मौत हो गई... शवों को सिविल अस्पताल भेज दिया गया है।"
टक्कर मारने वाला ट्रक हरियाणा का
SHO कुमार ने आगे कहा, "कार के रजिस्ट्रेशन डिटेल के आधार पर पता चला है कि यह लम्मे गांव इलाके की है। हम वहां संपर्क करने की कोशिश कर रहे हैं। अभी तक कार के मालिक की पहचान नहीं हो पाई है और ट्रक ड्राइवर मौके से फरार हो गया है। ट्रैफिक को फिर से चालू कर दिया गया है और कार को किनारे हटा दिया गया है। हम जरूरी कानूनी कार्रवाई कर रहे हैं। ट्रक पर 'KTC' लिखा है और उसका रजिस्ट्रेशन नंबर हरियाणा का है। हम ट्रांसपोर्ट कंपनी से संपर्क करने की कोशिश कर रहे हैं।


