महोबा में सपा सांसद अजेंद्र सिंह लोधी का PM मोदी पर दिया गया विवादित बयान अब बड़ा राजनीतिक तूफान बन चुका है। ‘देशविरोधी’ टिप्पणी, वायरल वीडियो और BJP के तीखे पलटवार ने यूपी की सियासत गरमा दी है। क्या यह सिर्फ बयानबाज़ी है या 2027 चुनाव से पहले शुरू हुई नई राजनीतिक जंग?
महोबा: उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर जुबानी जंग ने मर्यादाओं की सीमा लांघ दी है। हमीरपुर-महोबा संसदीय क्षेत्र से समाजवादी पार्टी के सांसद अजेंद्र सिंह लोधी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विरुद्ध अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए उन्हें 'देशविरोधी' करार दिया है। कलेक्ट्रेट परिसर में हुए इस घटनाक्रम ने न केवल भाजपा को आक्रोशित कर दिया है, बल्कि सोशल मीडिया पर भी बवाल मचा दिया है।

विरोध प्रदर्शन के बीच अचानक बदला लहजा
सोमवार को समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट सभागार में स्मार्ट मीटर, बिजली कटौती और पानी के संकट को लेकर एक ज्ञापन सौंपा था। प्रदर्शन के दौरान मीडिया से मुखातिब होते हुए सांसद अजेंद्र सिंह लोधी ने सरकार की नीतियों पर हमला बोलना शुरू किया, लेकिन देखते ही देखते उनका लहजा आक्रामक हो गया। उन्होंने व्यंग्यात्मक लहजे में प्रधानमंत्री की विदेश यात्राओं और जनता को दी जाने वाली सलाह (पेट्रोल कम खर्च करने और सोना न खरीदने) पर सवाल उठाए। इसी दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री के लिए अमर्यादित शब्दों का इस्तेमाल किया और उन्हें खुलेआम 'देशविरोधी' कह डाला।
"मुकदमा दर्ज कराना है तो कराओ, मैं डरने वाला नहीं"
सांसद ने केवल अपशब्दों पर ही विराम नहीं लगाया, बल्कि भाजपा को सीधे चुनौती भी दे दी। उन्होंने कहा, "भाजपाई मुकदमा लिखाएंगे तो लिखाने दो, मैं डरने वाला नहीं हूँ।" उन्होंने आरोप लगाया कि यह सरकार देश की नहीं, बल्कि केवल अडानी और अंबानी की हितैषी है। इसके साथ ही उन्होंने चुनाव परिणामों और ईवीएम (EVM) पर भी सवाल उठाते हुए दावा किया कि बंगाल में लाखों वोट खत्म किए गए और रात में मशीनें बदली गईं। उन्होंने आत्मविश्वास के साथ कहा कि 2027 में उत्तर प्रदेश में सपा की सरकार बन रही है।
भाजपा का पलटवार: "यह सपा की गुंडा संस्कृति है"
सांसद के इस बयान के बाद भाजपा ने चौतरफा हमला शुरू कर दिया है। राज्यसभा सांसद और भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. संबित पात्रा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर इसे 'शर्मनाक' बताते हुए कहा कि यह सपा की संस्कृति और विचारधारा को दर्शाता है। वहीं, भाजपा प्रदेश नेतृत्व ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि जब नेतृत्व ही लोकतांत्रिक शिष्टाचार त्याग चुका हो, तो उनके कार्यकर्ताओं से सभ्य भाषा की उम्मीद करना बेकार है। प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि ऐसे अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल साबित करता है कि समाजवादी पार्टी केवल गुंडों और अभद्र भाषा बोलने वालों का समूह बनकर रह गई है।
सोशल मीडिया पर छिड़ा युद्ध: निशाने पर अखिलेश यादव
अजेंद्र सिंह लोधी का यह वीडियो बिजली की तरह वायरल हो रहा है। आम जनता और राजनीतिक विश्लेषक अब सीधे सपा प्रमुख अखिलेश यादव से सवाल पूछ रहे हैं कि क्या वे अपने सांसदों के इस आचरण का समर्थन करते हैं? जहां एक तरफ सांसद अपने बयानों पर अडिग हैं, वहीं दूसरी तरफ कानूनी कार्रवाई की तलवार भी उन पर लटकती नजर आ रही है। अब देखना यह होगा कि यह विवाद महोबा की गलियों से निकलकर दिल्ली के सियासी गलियारों में क्या रंग लाता है।


