SummitSathi Satellite Device: हैदराबाद के छात्र आगम जैन ने 68 हजार रुपये में बिना इंटरनेट चलने वाला मौसम सैटेलाइट रिसीवर बनाया है। जानिए कैसे काम करता है यह डिवाइस और हिमाचल के 10 गांवों को कैसे मिलेगा फायदा।
Satellite Device: हिमालय के दुर्गम गांवों में भारी बारिश और बर्फबारी के दौरान जब मोबाइल नेटवर्क जवाब दे जाते हैं, तब मौसम की जानकारी मिलना बड़ी चुनौती बन जाता है। लेकिन हैदराबाद के 12वीं कक्षा के एक छात्र ने इस समस्या का अनोखा समाधान खोज निकाला है। उसने महज 68 हजार रुपये की लागत से ऐसा सैटेलाइट डिवाइस तैयार किया है, जो बिना इंटरनेट और मोबाइल नेटवर्क के सीधे मौसम उपग्रहों से बादलों की तस्वीरें प्राप्त कर सकता है। अब इस तकनीक को हिमाचल प्रदेश के 10 गांवों तक पहुंचाने की तैयारी है।
पर्वतारोहण के दौरान आया ऐसा आइडिया, जिसने बदल दी सोच
इस अनोखे प्रोजेक्ट का नाम 'समिटसाथी' (SummitSathi) है। इसे हैदराबाद के इंडस इंटरनेशनल स्कूल में 12वीं के छात्र और हेड बॉय आगम जैन ने विकसित किया है।इसकी शुरुआत तब हुई, जब आगम देहरादून के पास पर्वतारोहण के लिए गए थे। वहां खराब मोबाइल कनेक्टिविटी के कारण मौसम की जानकारी हासिल करना मुश्किल हो रहा था। स्थानीय ग्रामीणों से बातचीत के दौरान उन्हें एहसास हुआ कि पहाड़ी इलाकों में बदलता मौसम और अचानक होने वाली बर्फबारी लोगों के जीवन को कितना प्रभावित करती है। इसी अनुभव ने उन्हें इसका तकनीकी समाधान खोजने के लिए प्रेरित किया।
कैसे काम करता है 68 हजार का यह सैटेलाइट डिवाइस?
- समिटसाथी की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसे मौसम की जानकारी प्राप्त करने के लिए इंटरनेट या मोबाइल नेटवर्क की जरूरत नहीं होती।
- यह सीधे ऊपर से गुजरने वाले मौसम उपग्रहों से सिग्नल प्राप्त करता है।
- प्राप्त सिग्नल को बादलों की तस्वीरों में बदल देता है।
- इन तस्वीरों को स्थानीय स्तर पर देखा जा सकता है।
- आगम ने तस्वीरों के आधार पर मौसम की स्थिति समझने के लिए एक आसान ग्रेडिंग स्केल भी तैयार किया है।
- इस डिवाइस की एक यूनिट बनाने में करीब 68,000 रुपये की लागत आई है। इसका पहला फील्ड टेस्ट देहरादून के पास किया गया था।
अब हिमाचल के 10 गांवों तक पहुंचेगी यह तकनीक
आगम जैन अब हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के 10 गांवों में समिटसाथी डिवाइस मुफ्त उपलब्ध कराने की तैयारी कर रहे हैं। इसका उद्देश्य स्थानीय लोगों को मौसम की अतिरिक्त जानकारी उपलब्ध कराना और उन्हें तकनीक के इस्तेमाल में आत्मनिर्भर बनाना है। हालांकि, यह डिवाइस न तो मौसम का स्वचालित पूर्वानुमान लगाता है और न ही बादल फटने जैसी घटनाओं की भविष्यवाणी करता है। यह IMD के आधिकारिक मौसम पूर्वानुमान या सरकारी अलर्ट का विकल्प भी नहीं है।
सिर्फ सैटेलाइट डिवाइस नहीं, खगोल विज्ञान में भी है दिलचस्पी
आगम की वैज्ञानिक रुचि केवल इस प्रोजेक्ट तक सीमित नहीं है। उन्होंने हैदराबाद की 25 अलग-अलग जगहों पर 24 महीनों तक प्रकाश प्रदूषण और रात के आसमान की चमक का अध्ययन किया है। इसके अलावा, उन्होंने खगोल-फोटोग्राफी पर 'A Window to the Universe' नाम से अपनी किताब भी प्रकाशित की है। आगम का यह प्रयास बताता है कि एक स्कूली छात्र की जिज्ञासा और वैज्ञानिक सोच भी ऐसी तकनीक विकसित कर सकती है, जो दुर्गम क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के लिए उपयोगी साबित हो सकती है।














