सूरत के एक मंदिर के शौचालय में 2 कॉलेज छात्राओं के शव मिले। पुलिस को एनेस्थेटिक ड्रग्स से आत्महत्या का शक है। मौके से सिरिंज व दवाएं मिलीं और फोन में आत्महत्या के तरीके खोजने की सर्च हिस्ट्री थी।

सूरत: गुजरात के सूरत में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक मंदिर के टॉयलेट में 18 और 20 साल की दो कॉलेज छात्राओं की लाश मिली है। शक है कि दोनों ने एनेस्थेटिक ड्रग्स का इंजेक्शन लगाकर खुदकुशी की है। शुक्रवार देर रात दोनों के शव बरामद हुए। पुलिस को पास से दवा की शीशियां और सिरिंज भी मिली हैं। मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। शुरुआती जांच में पुलिस को लड़कियों के फोन को चेक करने पर पुलिस हैरान रह गई। मोबाइल में कुछ तस्वीरें और चैटजीपीटी की सर्च हिस्ट्री मिली है। इससे पता चलता है कि वे ड्रग्स का इस्तेमाल करके आत्महत्या करने के तरीके खोज रही थीं। एक फोन से एक न्यूज आर्टिकल की तस्वीर भी मिली, जिसमें एक महिला के एनेस्थेटिक दवा से सुसाइड करने की खबर थी।

मरने वाली लड़कियों की पहचान डिंडोली की रहने वाली रोशनी सिरसाथ और जोसना चौधरी के तौर पर हुई है। दोनों शुक्रवार सुबह कॉलेज जाने के लिए घर से निकली थीं, लेकिन वापस नहीं लौटीं। इसके बाद परिवार वालों ने पुलिस को खबर दी। लड़कियों के मोबाइल फोन चालू थे, इसलिए पुलिस ने लोकेशन ट्रेस कर ली। रात करीब 9:30 बजे, धाम स्वामीनारायण मंदिर के बाहर एक लड़की की स्कूटी मिली। असिस्टेंट पुलिस कमिश्नर एन.पी. गोहिल ने बताया कि इसके बाद तलाशी ली गई तो दोनों के शव मिले।

CCTV फुटेज में दिख रहा है कि लड़कियां सुबह करीब 7:44 बजे वॉशरूम में घुसी थीं। शवों के पास से एक खाली शीशी, ड्रग्स से भरी तीन शीशियां और तीन सिरिंज बरामद हुई हैं। दोनों के मोबाइल फोन को आगे की जांच के लिए फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) भेजा गया है। रोशनी, धारी वाडिया महिला कॉलेज में बी.कॉम सेकंड ईयर की छात्रा थी, जबकि जोसना उड़ना सिटिजन कॉमर्स कॉलेज में बी.कॉम फर्स्ट ईयर में पढ़ रही थी।

Disclaimer: आत्महत्या किसी समस्या का हल नहीं है। अगर आपके मन में भी सुसाइड या खुद को चोट पहुंचाने जैसे ख्याल आ रहे हैं तो आप फौरन घर-परिवार, दोस्तों और साइकेट्रिस्ट की मदद ले सकते हैं। इसके अलावा आप इन हेल्पलाइन नंबरों पर कॉल करके भी मदद मांग सकते हैं। आसरा (मुंबई) 022-27546669, सुमैत्री (दिल्ली) 011-23389090, रोशनी (हैदराबाद) 040-66202000, लाइफलाइन 033-64643267 (कोलकाता)। मानसिक तनाव होने पर काउंसलिंग के लिए हेल्पलाइन नंबर 14416 और 1800 8914416 पर संपर्क कर घर बैठे मदद पा सकते हैं।