तमिलनाडु चुनाव 2026 में एक बड़ा उलटफेर सामने आया है। थलापति विजय की नई-नवेली पार्टी TVK के VS बाबू ने कोलाथुर सीट पर CM एमके स्टालिन को करारी शिकस्त दी है। TVK 100+ सीटों पर आगे है, जिससे विजय के मुख्यमंत्री बनने की संभावना मजबूत हो गई है।

Tamil Nadu Election 2026: तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 2026 में एक बड़ा राजनीतिक उलटफेर देखने को मिला है। तमिलगा वेट्री कझगम (TVK) के उम्मीदवार VS बाबू ने मुख्यमंत्री एमके स्टालिन को उनके ही गढ़ कोलाथुर सीट पर हरा दिया। यह नतीजा इस चुनाव का सबसे बड़ा सरप्राइज माना जा रहा है, क्योंकि स्टालिन लंबे समय से इस सीट पर मजबूत पकड़ बनाए हुए थे।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

वोटों का अंतर: बाबू ने कैसे मारी बाजी

चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार, 22 राउंड की गिनती के बाद VS बाबू ने लगभग 9,000 वोटों के अंतर से जीत हासिल की। यह जीत TVK के लिए बेहद अहम मानी जा रही है।

  • VS बाबू (TVK): 82,000+ वोट
  • एमके स्टालिन (DMK): 73,000+ वोट
  • R संथनकृष्णन (AIADMK): 14,000 वोट

2021 बनाम 2026: बड़ा बदलाव

2021 के चुनाव में एमके स्टालिन ने इसी सीट पर AIADMK के आधी राजाराम को 70,384 वोटों के बड़े अंतर से हराया था। लेकिन 2026 में तस्वीर पूरी तरह बदल गई और स्टालिन को अपने ही गढ़ में हार का सामना करना पड़ा।

VS बाबू: ‘जायंट किलर’ की कहानी

VS बाबू को अब ‘जायंट किलर’ कहा जा रहा है। वे पहले DMK और AIADMK, दोनों पार्टियों से जुड़े रहे हैं, जो तमिलनाडु की पारंपरिक बड़ी पार्टियां हैं। 75 वर्षीय बाबू 2006 से 2011 तक पुरासवलकम से विधायक रह चुके हैं और DMK में उत्तरी चेन्नई के जिला सचिव भी रहे हैं।

DMK से दूरी और AIADMK में एंट्री

2011 के चुनावों के दौरान बाबू को कोलाथुर सीट का प्रभारी बनाया गया था। लेकिन स्टालिन की जीत का अंतर कम रहने के बाद उनसे जवाब मांगा गया और बाद में उन्हें पद से हटा दिया गया। इसके बाद वे AIADMK में शामिल हो गए।

TVK में शामिल होकर नई शुरुआत

2024 में अभिनेता विजय द्वारा TVK पार्टी लॉन्च किए जाने के बाद बाबू इसमें शामिल हो गए। वर्तमान में वे पार्टी के संयुक्त महासचिव हैं और इस चुनाव में उन्होंने बड़ी जीत दर्ज की है। चुनाव आयोग के रुझानों के अनुसार, TVK राज्य की 234 सीटों में से करीब 107 सीटों पर आगे चल रही है। वहीं, AIADMK: 47 सीटों पर आगे है, जबकि DMK 35 सीटों पर आगे चल रही है। यह साफ दिखाता है कि TVK ने दोनों बड़ी पार्टियों को कड़ी टक्कर दी है।

DMK के कई मंत्री पीछे

रुझानों के मुताबिक DMK के कई बड़े नेता और मंत्री भी पीछे चल रहे हैं। इनमें दुरईमुरुगन, थंगम थेन्नारासु, TRB राजा, मा. सुब्रमण्यम, PK शेखर बाबू, EV वेलू, KN नेहरू, गीता जीवन और KKSSR रामचंद्रन जैसे नाम शामिल हैं।

विजय का प्रदर्शन और मुख्यमंत्री पद की संभावना

TVK प्रमुख विजय खुद भी तिरुची (पूर्व) और पेरम्बूर सीट से आगे चल रहे हैं। अगर उनकी पार्टी 118 सीटों के बहुमत के आंकड़े को पार कर लेती है, तो विजय मुख्यमंत्री बन सकते हैं और इतिहास रच सकते हैं। TVK की स्थापना 2024 में हुई थी। अगर यह पार्टी 2026 में सत्ता हासिल करती है, तो यह एक बड़ा रिकॉर्ड होगा। तमिलनाडु में अब तक किसी भी पार्टी ने अपनी स्थापना के इतने कम समय में सत्ता हासिल नहीं की है।