तमिलनाडु और पुडुचेरी में भारी बारिश के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। थूथुकुडी में गुरुवार को स्कूल बंद कर दिए गए हैं। मौसम विभाग (IMD) ने आने वाले दिनों में और ज्यादा बारिश का अलर्ट जारी किया है।
चेन्नई: तमिलनाडु में मौसम का मिजाज पूरी तरह से बिगड़ गया है। भारी बारिश की वजह से थूथुकुडी जिले में गुरुवार को सभी स्कूल बंद रहेंगे। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने राज्य के कई हिस्सों में आने वाले दिनों के लिए भारी बारिश का अलर्टजारी किया है। थूथुकुडी के शहरी और ग्रामीण इलाकों में लगातार बारिश हो रही है। जिला प्रशासन ने हालात को देखते हुए स्कूलों में छुट्टी का ऐलान कर दिया है। जिला कलेक्टर विशु महाजन ने भारी बारिश के चलते यह फैसला लिया।
प्रशासन ने थूथुकुडी के मछुआरों को भी लगातार हो रही बारिश के कारण समुद्र में न जाने की सलाह दी है।

पड़ोसी केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में भी मौसम खराब है। शिक्षा मंत्री ए. नमस्सिवायम ने बताया कि भारी बारिश की चेतावनी के चलते पुडुचेरी और कराईकल के सभी सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त और प्राइवेट स्कूल गुरुवार को बंद रहेंगे।
मौसम विभाग ने बताया कि तमिलनाडु तट के पास दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इस वजह से 21 से 25 अक्टूबर के बीच तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल और केरल में अलग-अलग जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है।
चेन्नई में बारिश रात भर जारी रही
मौसम विभाग ने गुरुवार को कुछ जगहों पर आंधी-तूफान और बिजली गिरने की चेतावनी दी है। इस दौरान 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं। चेन्नई में मंगलवार से शुरू हुई बारिश रात भर जारी रही। चेन्नई के एमजीआर नगर में सबसे ज्यादा 15 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। राजधानी और उसके आसपास के कई इलाकों में 10 से 15 सेंटीमीटर तक पानी बरसा है। IMD ने चेन्नई के लिए 'येलो अलर्ट' जारी किया है।
तमिलनाडु के इन जिलों में तबाही मचाएगी बारिश
- मौसम विभाग के अनुसार, थूथुकुडी, तिरुनेलवेली, कन्याकुमारी, तेनकासी, विरुधुनगर, रामनाथपुरम, थेनी, डिंडीगुल, मदुरै, कोयंबटूर, नीलगिरी, शिवगंगा, पुदुक्कोट्टई, तंजावुर, तिरुवरूर, नागपट्टिनम, मयिलादुथुराई और कराईकल में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है।
- विभाग ने 23 अक्टूबर को भी कई इलाकों में झमाझम बारिश का अनुमान जताया है। कन्याकुमारी, नीलगिरी और कोयंबटूर जिलों में कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है।
- IMD बुलेटिन के मुताबिक, कन्याकुमारी, नीलगिरी और कोयंबटूर में आंधी और बिजली गिरने के साथ 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।









