Tamil Nadu Road Accident : तमिलनाडु के मदुरै जिले में यात्रियों से भरी दो बसों के आमने-सामने टकराने से भीषण सड़क हादसा हो गया। जिसमें 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और बच्चों समेत 42 लोग घायल हो गए।
तमिलनाडु के मदुरै जिले में सोमवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई। इस घटना में बच्चों समेत 42 अन्य लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने बताया कि हादसा एक प्राइवेट बस और एक सरकारी बस की आमने-सामने की टक्कर से हुआ।वप्राइवेट बस चेन्नई से मार्तंडम के लिए निकली थी और उसमें काफी यात्री सवार थे। एक्सीडेंट इतना भयानक था कि शव बस की सीट से चिपके थे।
सरकारी बस मदुरै से तिरुचिरापल्ली जा रही थी
मदुरै पुलिस के मुताबिक, यह हादसा कोट्टमपट्टी के पास वंडिनगर में फोर-लेन हाईवे पर हुआ। बताया जा रहा है कि प्राइवेट बस के ड्राइवर ने गाड़ी पर से अपना कंट्रोल खो दिया। इसके बाद बस डिवाइडर पार करके गलत दिशा में यानी दूसरी लेन में चली गई और सामने से आ रही सरकारी बस से सीधे टकरा गई। सरकारी बस मदुरै से तिरुचिरापल्ली जा रही थी।
बस का अगला हिस्सा हो गया चकनाचूर
टक्कर इतनी जोरदार थी कि प्राइवेट बस का अगला हिस्सा बुरी तरह पिचक गया, जबकि सरकारी बस पलट गई। हादसे की जानकारी मिलते ही कोट्टमपट्टी पुलिस और बचाव दल की टीम फौरन मौके पर पहुंची। उन्होंने दोनों बसों में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।
5 लोगों ने मौके पर ही तोड़ दिया दम
पुलिस ने बताया कि इस हादसे में चार पुरुषों और एक महिला समेत पांच लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। पुलिस के बयान के मुताबिक, हादसे में घायल हुए कुल 42 लोगों को इलाज के लिए पास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। घायलों में बच्चे भी शामिल हैं। फिलहाल इस मामले में आगे की जांच की जा रही है।


