पुराने प्यार की नफरत में एक महिला ने अपने पूर्व प्रेमी की पत्नी और 6 महीने के बच्चे को आग लगाकर मार डाला। प्यार में ब्रेकअप के बाद लड़के ने दूसरी शादी कर ली थी, लेकिन महिला को वही लड़का चाहिए था।
नलगोंडा: अवैध संबंधों के चलते कैसे-कैसे खौफनाक अंजाम होते हैं, ये बताने की जरूरत नहीं है। अब एक ऐसा ही मामला सामने आया है, जहां एक महिला इस बात पर आग-बबूला हो गई कि उसके पुराने लवर ने दूसरी शादी के बाद उसे नजरअंदाज करना शुरू कर दिया। महिला का गुस्सा इतना बढ़ गया कि उसने अपने पूर्व प्रेमी की पत्नी और 6 महीने के बच्चे को ही निशाना बना लिया। उसने दोनों को जिंदा जलाकर मार डाला। महिला की जिद थी कि उसका पूर्व प्रेमी उसे वापस मिल जाए। इस खौफनाक वारदात की वजह से दो मासूम जिंदगियां खत्म हो गईं। यह घटना तेलंगाना के नलगोंडा जिले में हुई है।
प्यार, ब्रेकअप और दूसरी शादी
नलगोंडा जिले में एक लड़के और लड़की के बीच प्यार हुआ, लेकिन कुछ वजहों से उनका ब्रेकअप हो गया। इसके बाद दोनों अपनी-अपनी जिंदगी में आगे बढ़ गए। महिला ने ही कुछ बहाने बनाकर ब्रेकअप किया था और फिर दूसरी शादी कर ली। कुछ साल बाद उसके पति की मौत हो गई। इधर, कुछ साल बीतने के बाद उसके पूर्व प्रेमी ने भी दूसरी लड़की से शादी कर ली। बस यही बात महिला को नागवार गुजरी। उसने ठान लिया कि उसे अपना पूर्व प्रेमी वापस चाहिए और इसके लिए उसने साजिश रचनी शुरू कर दी। वह उसे फोन करने लगी और मिलने की कोशिश करने लगी। लेकिन शादीशुदा होने की वजह से लड़के ने अपनी पूर्व प्रेमिका को नजरअंदाज करना शुरू कर दिया। इसी बात से महिला का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया और वह उसे किसी भी हाल में वापस पाने की जिद पर अड़ गई।
पूर्व प्रेमी के घर बेटे का जन्म
जब पूर्व प्रेमी के घर बेटे का जन्म हुआ, तो महिला का गुस्सा और भी बढ़ गया। उसने अपने एक्स-लवर को वापस पाने के लिए एक खतरनाक प्लान बनाया। उसने फैसला किया कि वह उसकी पत्नी और बच्चे को ही रास्ते से हटा देगी। जब उसका पूर्व प्रेमी घर पर नहीं था, तब महिला मिर्च पाउडर, चाकू और पेट्रोल लेकर उसके घर पहुंची। उसने प्रेमी की पत्नी और उसके 6 महीने के मासूम बेटे पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी और वहां से भाग गई। पत्नी ने बच्चे को बचाने की बहुत कोशिश की, लेकिन नाकाम रही। इस दर्दनाक घटना में मां और बेटे दोनों की मौत हो गई।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस हत्या के पीछे सिर्फ महिला ही है या कोई और भी शामिल है। क्या सिर्फ प्यार और ब्रेकअप की वजह से इतनी बड़ी दुश्मनी पाली गई? इन सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। वहीं, इस घटना के बाद पूर्व प्रेमी का रो-रोकर बुरा हाल है।
