बॉलीवुड एक्टर टाइगर श्रॉफ पर हुई फायरिंग के मामले में हरियाणा का कनेक्शन सामने आया है। सोनीपत के रहने वाले एक नाबालिग आरोपी के परिवार ने दावा किया है कि वह गुरुग्राम में वेल्डिंग का काम सीखने गया था और उन्हें मुंबई की घटना के बारे में कोई जानकारी नहीं है।

बॉलीवुड एक्टर टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस में अब हरियाणा का कनेक्शन जुड़ गया है। इस मामले में पकड़े गए संदिग्ध शूटर्स में से एक सोनीपत के देबरू गांव का रहने वाला नाबालिग है। उसकी गिरफ्तारी के बाद परिवार वाले सदमे में हैं। उनका कहना है कि लड़का तो गुरुग्राम में वेल्डिंग का काम सीखने के नाम पर घर से निकला था।

गुरुग्राम से मुंबई गया और बन गया शूटर

बता दें कि टाइगर पर हमला करने वालों में शामिल तीन में से दो शूटर हरियाणा के सोनीपत से हैं। देबरू गांव का रहने वाला यह नाबालिग अपनी मां और मौसी के साथ रहता था।नाबालिग की मौसी ने बताया कि करीब 15 दिन पहले उसने गुरुग्राम जाने की बात कही थी। उसने कहा था कि वह वहां वेल्डिंग का काम करेगा। परिवार को बिल्कुल भनक नहीं थी कि वह मुंबई चला गया है या वहां जाने की कोई प्लानिंग कर रहा है।

नाबालिग के पास फोन भी नहीं था फिर कैसे हुई फायरिंग की डील

  • एएनआई से बातचीत में मौसी ने कहा, "वो गुरुग्राम में वेल्डिंग का काम सीखने गया था। देखिए, ऐसा काम करके उसने हमारे लिए कैसी मुसीबत खड़ी कर दी है। वो पिछले महीने की 8 तारीख को गया था और 15 दिन में एक बार फोन करता था। उस बेचारे के पास तो अपना फोन तक नहीं है।"
  • मौसी ने यह भी माना कि वह पहले एक अन्य मामले में जेल जा चुका है। उस दौरान हथियारों के साथ उसके वीडियो भी सामने आए थे। हालांकि, मौसी का कहना है कि लड़का अच्छा है और शायद कुछ लोगों ने उसे गुमराह कर दिया। उन्होंने कहा कि कानून जो भी सजा तय करेगा, परिवार उसे मानेगा।
  • मौसी ने आरोप लगाया, "लोग कहते हैं कि उसके हाथ में हथियार थमाकर वीडियो बना लिया गया। उसे तो पता भी नहीं था कि उसे इस तरह फंसाया जा रहा है। उन्होंने उसे फंसाया है, वो बस उसे मोहरा बनाना चाहते थे।" उन्होंने बताया कि वेल्डिंग का काम शुरू करने से पहले वह यूं ही खाली घूमता रहता था।

पढ़ाई छोड़कर हुनर निखारने गया था

  • नाबालिग की नानी ने भी कहा कि परिवार को उसके क्रिमिनल कनेक्शन या उसके ठिकाने के बारे में कुछ नहीं पता था।नानी ने कहा, "हम उसे जानते तो हैं, लेकिन हमें इस बारे में कुछ नहीं पता। वो हमारे साथ नहीं, बल्कि किराए के मकान में रहता था। अब हमें नहीं पता कि वो काम पर गया था या कहां जाता था। हमें सच में कुछ नहीं मालूम।"
  • उन्होंने आगे कहा, "पहले वो स्कूल जाता था। बाद में उसका पढ़ाई से मन उठ गया, तो उसकी मां ने कहा कि कोई हुनर या काम सीख ले ताकि आगे काम आए। देखिए भाई, हमें ईमानदारी से कुछ नहीं पता। हमने पहले कभी ऐसी मुसीबत नहीं देखी।"

जानिए टाइगर श्रॉफ फायरिंग का पूरा केस

  • आपको बता दें कि यह मामला रविवार शाम करीब 7 बजे का है। मुंबई के जुहू इलाके में एक्टर टाइगर श्रॉफ एक फुटबॉल क्लब से बाहर निकल रहे थे, तभी उनकी कार पर फायरिंग की गई। गनीमत रही कि एक्टर को गोली नहीं लगी, लेकिन इस घटना में उनका ड्राइवर घायल हो गया।
  • इस मामले में कोटा सिटी पुलिस ने ट्रेन में सफर कर रहे इस नाबालिग समेत तीन लोगों को पकड़ा है।