तिरुपति मंदिर में मई 2026 में लड्डू बिक्री ने कौन सा नया रिकॉर्ड बनाया? आखिर श्री वेंकटेश्वर मंदिर में लड्डू प्रसाद की मांग लगातार क्यों बढ़ रही है? रोज़ाना चार लाख से अधिक लड्डू तैयार करने के लिए कितनी सामग्री की जरूरत पड़ती है?
तिरुपति: तिरुपति के मशहूर श्री वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर में लड्डू प्रसाद की बिक्री ने एक नया कीर्तिमान बना दिया है। इस साल मई के महीने में 1.2 करोड़ से ज़्यादा लड्डू बिके, जो अब तक की सबसे ज़्यादा मासिक बिक्री है। इस बिक्री ने पिछले साल मई के रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ दिया है।

मंदिर का मैनेजमेंट संभालने वाले तिरुमाला तिरुपति देवस्थानम ने एक प्रेस नोट में बताया कि इस साल मई में कुल 1,21,35,528 लड्डू बिके। यह आंकड़ा पिछले कुछ सालों के मुकाबले काफी ज़्यादा है। आंकड़ों पर नज़र डालें तो 2024 के मई महीने में 1.01 करोड़ और 2025 के मई महीने में 1.1 करोड़ लड्डू बिके थे। अधिकारियों का कहना है कि ये आंकड़े दिखाते हैं कि हर साल लड्डू की बिक्री में ज़बरदस्त बढ़ोतरी हो रही है।
मंदिर में प्रसाद के तौर पर मिलने वाले लड्डू की बढ़ती मांग को देखते हुए मैनेजमेंट ने इसका उत्पादन भी बढ़ा दिया है। अब हर दिन चार लाख से ज़्यादा लड्डू तैयार किए जा रहे हैं। इसके लिए रोज़ाना करीब 68 टन सामान की ज़रूरत पड़ती है। इसमें 32 टन चीनी, 16 टन बेसन, 16 टन घी, 3.5 टन काजू, दो टन किशमिश, 400 किलोग्राम इलायची और 800 किलोग्राम मिश्री शामिल है।
एक लड्डू बनाने में करीब 170 ग्राम सामान लगता है। इसमें 78 ग्राम चीनी, 39 ग्राम दाल का आटा, 36 ग्राम घी, सात ग्राम काजू और तीन ग्राम किशमिश जैसी चीज़ें होती हैं। भक्तों को आसानी से लड्डू मिल सके, इसके लिए मंदिर परिसर में कुल 56 काउंटर बनाए गए हैं।
