TMC MLA Attack: पश्चिम बंगाल में टीएमसी विधायक कुणाल घोष की कार पर हमला हुआ है। वह ममता बनर्जी की रैली में जा रहे थे, तभी काले झंडे लिए एक भीड़ ने उनकी गाड़ी पर अंडे और पत्थर फेंके।
Kunal Ghosh Car Attack: उपद्रवियों ने पश्चिम बंगाल में टीएमसी (TMC) विधायक कुणाल घोष की कार पर अंडे और पत्थर फेंके हैं। कोलकाता के विधायक कुणाल घोष शनिवार को हुगली के श्रीरामपुर जा रहे थे, तभी उनकी गाड़ी पर यह हमला हुआ। वह वहां पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की एक रैली में शामिल होने जा रहे थे। यह घटना रास्ते में उत्तरपाड़ा इलाके में हुई। कुछ लोगों ने काले झंडे लेकर 'गो बैक' के नारे लगाते हुए उनकी गाड़ी को घेर लिया। भीड़ ने इसके बाद कार पर अंडे और पत्थर फेंके, जिससे गाड़ी के पीछे का शीशा टूट गया।
कुणाल घोष ने इस घटना पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' (X) पर कड़ा रिएक्शन दिया है। उन्होंने इस हमले को 'जंगलराज' बताते हुए कहा कि मौके पर एक भी पुलिसवाला मौजूद नहीं था। घोष ने एक्स पर लिखा, "यह जंगलराज है। उन्होंने मेरी कार पर पत्थर और अंडे फेंके और सड़क जाम कर दी। वहां कोई पुलिसकर्मी नहीं था। मैं अब कोलकाता लौट रहा हूं और शिकायत दर्ज कराने सीधे लालबाजार या भवानी भवन जाऊंगा।"
टीएमसी ने इस हमले के पीछे बीजेपी का हाथ बताया है। ममता बनर्जी ने घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए आरोप लगाया कि बीजेपी और पुलिस लोगों को उनकी रैली में आने से रोकने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसी चीजें तो अफ्रीकी देशों में भी नहीं होतीं। टीएमसी नेता असित मजूमदार ने भी इसे बीजेपी की सोची-समझी साजिश करार दिया। बता दें कि ममता बनर्जी की रैली शनिवार शाम श्रीरामपुर में होनी थी। कलकत्ता हाईकोर्ट ने कुछ शर्तों के साथ इस रैली की इजाजत दी थी।
