UK में एयर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम में तकनीकी खराबी से 300 से ज्यादा उड़ानें रद्द हो गईं। British Airways, EasyJet, KLM और Lufthansa समेत कई एयरलाइंस प्रभावित हुईं। NATS ने सिस्टम ठीक करने की जानकारी दी।

लंदन। हवाई यात्रा कुछ मिनट की देरी से शुरू होकर घंटों की परेशानी में बदल सकती है, लेकिन मंगलवार को ब्रिटेन में इसकी वजह मौसम या किसी एयरलाइन की समस्या नहीं, बल्कि एयर ट्रैफिक कंट्रोल के एक तकनीकी सिस्टम में आई खराबी बनी। देखते ही देखते इसका असर देश के कई बड़े एयरपोर्ट्स पर पहुंच गया और करीब 300 उड़ानें रद्द करनी पड़ीं।

ब्रिटेन की नेशनल एयर ट्रैफिक सर्विसेज (NATS) ने बताया कि उसके फ्लाइट प्रोसेसिंग सिस्टम में तकनीकी समस्या आई थी। इसका सबसे ज्यादा असर उड़ान भरने वाली फ्लाइट्स पर पड़ा। इंजीनियरों ने सिस्टम को ठीक करने के लिए तत्काल काम शुरू किया।

Scroll to load tweet…

कौन-कौन से एयरपोर्ट प्रभावित हुए?

समस्या का असर लंदन के हीथ्रो, गैटविक और स्टैनस्टेड के अलावा मैनचेस्टर, बर्मिंघम और अन्य एयरपोर्ट्स तक देखा गया। हीथ्रो पर बड़ी संख्या में उड़ानें प्रभावित हुईं, जबकि गैटविक समेत दूसरे हवाई अड्डों पर भी देरी और कैंसिलेशन दर्ज किए गए। यात्रियों से एयरपोर्ट पहुंचने से पहले अपनी एयरलाइन से फ्लाइट की स्थिति जांचने की अपील की गई है। एयर ट्रैफिक सिस्टम की समस्या का असर सिर्फ एक फ्लाइट तक सीमित नहीं रहता, क्योंकि विमान और क्रू के शेड्यूल बिगड़ने से बाद की उड़ानें भी प्रभावित हो सकती हैं।

यह भी पढ़ें: Satya Niketan हादसे के 10 बड़े अपडेटः जेल में मालिक-अफसरों पर गाज, Supreme Court तक पहुंचा मामला

British Airways, easyJet समेत कई एयरलाइंस प्रभावित

Flightradar24 के अनुसार कई एयरलाइंस की उड़ानें इस व्यवधान से प्रभावित हुईं। इनमें British Airways, easyJet, KLM और Lufthansa शामिल हैं। एयरलाइंस को यात्रियों के लिए नए शेड्यूल और वैकल्पिक व्यवस्थाएं तैयार करनी पड़ीं।

सिस्टम ठीक हुआ, लेकिन परेशानी तुरंत खत्म नहीं होगी

NATS ने बाद में बताया कि समस्या की पहचान कर फिक्स लागू कर दिया गया है और फ्लाइट सिस्टम धीरे-धीरे रिकवर कर रहा है। हालांकि, विमान और क्रू की स्थिति पहले से बिगड़ जाने के कारण सामान्य संचालन बहाल होने में समय लग सकता है। यह घटना इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि अगस्त 2023 में NATS के फ्लाइट प्लानिंग सिस्टम की बड़ी विफलता ने भी ब्रिटेन की विमान सेवाओं को प्रभावित किया था। ब्रिटेन के एविएशन रेगुलेटर के मुताबिक उस घटना से 7 लाख से अधिक यात्री प्रभावित हुए थे। फिलहाल यात्रियों के लिए सबसे जरूरी सलाह यही है कि एयरपोर्ट जाने से पहले अपनी एयरलाइन से फ्लाइट का लेटेस्ट स्टेटस जरूर जांचें।

यह भी पढ़ें: MP को ग्लोबल सप्लाई चेन हब बनाने की तैयारी! दुबई में CM यादव की निवेशकों से बड़ी बैठक