UK में एक 42 वर्षीय व्यक्ति नई बेडशीट बिना धोए इस्तेमाल करने से नीला हो गया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने पाया कि यह कोई बीमारी नहीं, बल्कि बेडशीट से निकला कच्चा रंग था। यह घटना नई चादरें धोकर इस्तेमाल करने की सीख देती है।

बाजार से लाई गई नई चीजों, खासकर कपड़ों और बेडशीट को हमेशा धोकर ही इस्तेमाल करना चाहिए। अगर ऐसा नहीं किया तो बड़ी मुसीबत हो सकती है। ऐसा ही एक मामला यूनाइटेड किंगडम (UK) में सामने आया, जहां एक शख्स ने बिना धोए नई बेडशीट ओढ़ ली और अगली सुबह जब उठा तो उसका पूरा शरीर नीला पड़ चुका था। उसे लगा कि कोई गंभीर स्वास्थ्य समस्या हो गई है और वह घबराकर तुरंत अस्पताल भागा। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद जो बताया, वो काफी मजेदार था। आइए जानते हैं पूरी कहानी।।।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

सुबह उठकर देखा तो शरीर नीला पड़ चुका था

यह घटना यूके में रहने वाले 42 साल के टॉमी लिंच के साथ हुई। टॉमी रात में अपनी नई खरीदी हुई बेडशीट ओढ़कर सोए थे। जब वह सुबह उठे तो उन्होंने देखा कि उनका पूरा शरीर नीला हो गया है। उन्हें बहुत थकान भी महसूस हो रही थी। यह देखकर वह बुरी तरह डर गए। उनके एक दोस्त, जो केयरटेकर का काम करते हैं, उन्हें फौरन पास के अस्पताल ले गए। टॉमी का नीला शरीर देखकर अस्पताल का स्टाफ भी घबरा गया और उन्होंने तुरंत टॉमी की नाक में ऑक्सीजन लगा दी।

इसके बाद जांच के दौरान, एक डॉक्टर ने टॉमी की बांह को एल्कोहल स्वैब (रुई) से पोंछा। तभी उन्हें हैरानी हुई, क्योंकि रुई तुरंत नीली हो गई। इससे डॉक्टरों को असली वजह समझने में देर नहीं लगी। उन्होंने पाया कि यह नीला रंग शरीर के अंदर की किसी बीमारी की वजह से नहीं, बल्कि बाहर से लगा है। तब टॉमी को भी याद आया कि यह उनकी नई बेडशीट का कच्चा रंग है। यह सच्चाई जानकर टॉमी के दोस्त और अस्पताल के स्टाफ की हंसी छूट गई।

दरअसल, टॉमी ने हाल ही में नेवी ब्लू रंग की एक नई बेडशीट खरीदी थी। उन्होंने उसे बिना धोए ही दो रातों तक इस्तेमाल किया, जिससे उसका रंग उनके शरीर पर चढ़ गया। जब जांच के बाद सब कुछ साफ हो गया तो टॉमी को राहत मिली। उन्होंने मजाक में कहा कि वह 'अवतार' फिल्म के किसी किरदार की तरह दिख रहे हैं।

शुरुआत में यह स्थिति काफी डरावनी थी, लेकिन जब डॉक्टरों को असलियत पता चली तो अस्पताल का माहौल हंसी-मजाक में बदल गया। लिंच ने बताया कि जब उन्होंने इमरजेंसी डिपार्टमेंट में लोगों को अपने नीले शरीर के बारे में बताने की कोशिश की, तो सब उन्हें हैरानी से देख रहे थे। कुल मिलाकर, बिना धोई बेडशीट ने उन्हें एक ऐसा अनुभव दिया जिसे वह शायद ही कभी भूल पाएंगे।