मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने केंद्रीय बजट 2026-27 को जनहितैषी बताते हुए कहा कि यह बजट गरीब, किसान, महिला, युवा और मध्यम वर्ग को सशक्त करेगा। AI, इंफ्रास्ट्रक्चर, स्वास्थ्य और शिक्षा को नई गति देगा।

आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में माननीय केंद्रीय वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण द्वारा लोकसभा में प्रस्तुत केंद्रीय बजट 2026-27 का मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इंदौर में सीधा प्रसारण देखा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि यह बजट ‘विकसित भारत’ के संकल्प को मजबूत करने वाला, लोकहित में समर्पित और समावेशी विकास की स्पष्ट दिशा तय करने वाला है। यह बजट गरीब, किसान, महिला, युवा और मध्यम वर्ग को सशक्त बनाकर भारत को वैश्विक विकास के अग्रणी केंद्र के रूप में स्थापित करेगा।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

विकसित भारत @2047 की दिशा में मजबूत कदम : मुख्यमंत्री मोहन यादव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि केंद्रीय बजट 2026-27 में एग्रीकल्चर, मैन्युफैक्चरिंग, इंफ्रास्ट्रक्चर, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), शिक्षा, स्वास्थ्य और पर्यटन जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया गया है। यह बजट आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को मजबूती देते हुए विकसित भारत @2047 के विजन को साकार करने में अहम भूमिका निभाएगा।

सभी वर्गों के कल्याण पर केंद्रित जनहितैषी बजट

मुख्यमंत्री ने कहा कि बजट में आर्थिक विकास को गति देने के साथ-साथ समाज के सभी वर्गों के कल्याण को प्राथमिकता दी गई है। विनिर्माण क्षेत्र के रणनीतिक विकास के लिए पर्याप्त वित्तीय प्रावधान किए गए हैं, जिससे रोजगार सृजन और औद्योगिक विस्तार को बढ़ावा मिलेगा।

AI सेक्टर, वस्त्र उद्योग और शहरी विकास को नई गति

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस सेक्टर में रिसर्च एंड डेवलपमेंट को बढ़ावा देकर देश के साथ-साथ मध्यप्रदेश भी तेजी से आगे बढ़ेगा। वस्त्र उद्योगों में सुधार से राज्यों को लाभ मिलेगा। बजट में 5 लाख से अधिक आबादी वाले शहरों के विकास के लिए ₹5,000 करोड़ का प्रावधान किया गया है, वहीं छोटे शहरों और तीर्थ स्थलों के विकास पर भी विशेष ध्यान दिया गया है। इसके साथ ही गंभीर बीमारियों के इलाज में उपयोग होने वाली दवाओं को सस्ता किया गया है।

प्रधानमंत्री मोदी और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का आभार

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस जनकल्याणकारी बजट के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया।