Uttar Pradesh Assembly Election 2027: यूपी विधानसभा चुनाव समय से पहले होने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और बीजेपी को क्या फायदा हो सकता है? क्या इससे अखिलेश यादव की सपा और बाकी विपक्षी पार्टियों को नुकसान हो सकता है? अचानक चुनाव होने की स्थिति में अखिलेश यादव और सपा की क्या तैयारी है? क्या मायावती की बसपा भी इसके लिए तैयार है? 

Yogi Adityanath vs Akhilesh Yadav: उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव समय से पहले होने की सुगबुगाहट है। हाल के दिनों में जिस तरह से बीजेपी और सपा दोनों ने अपनी चुनावी तैयारियां तेज की हैं, उससे यह चर्चा और गर्म हो गई है। हालांकि, अभी तक चुनाव आयोग की तरफ से कोई आधिकारिक संकेत नहीं है, लेकिन राजनीतिक गलियारों में कई बातें चुनाव जल्दी होने का इशारा दे रही हैं। ऐसे में सबकी जुबान पर एक ही सवाल है, अगर यूपी चुनाव अपने तय समय से पहले हो गए, तो बाजी कौन मारेगा? सबसे ज्यादा फायदा इससे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ या अखिलेश यादव किसे होने वाला है? राजनीतिक पंडितों और जानकारों की मानें तो अचानक और जल्दी चुनाव होने की स्थिति में दोनों ही खेमों के पास अपने-अपने नफे-नुकसान का गणित है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

उत्तर प्रदेश में समय से पहले चुनाव, किसे मिलेगा सबसे बड़ा फायदा?

योगी आदित्यनाथ और बीजेपी का पलड़ा क्यों भारी?

  1. जानकारों का मानना है कि अचानक चुनाव होने से विपक्षी दलों को जमीनी स्तर पर पूरी तैयारी और प्रचार का मौका नहीं मिल पाएगा।
  2. बीजेपी ने पहले ही 'बंगाल मॉडल' की तर्ज पर 1.76 लाख पोलिंग बूथों पर 'बूथ पालकों' की फौज खड़ी करनी शुरू कर दी है, जिससे वे कम समय में भी पूरा जोर लगा सकते हैं।
  3. मिडिल-ईस्ट में चल रहे तनाव से साल की आखिरी तिमाही (जनवरी-मार्च) में दुनियाभर के हालातों के चलते मंदी या महंगाई का असर जमीनी स्तर पर बढ़ सकता है। सरकार उससे पहले ही चुनाव कराकर जनता की संभावित नाराजगी से सुरक्षित बाहर निकलना चाहेगी।

अखिलेश यादव और सपा का काउंटर प्लान क्या है?

  1. अखिलेश यादव इस बार कोई रिस्क नहीं ले रहे हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, उन्होंने अंदरखाने करीब 200 उम्मीदवारों के नाम फाइनल कर लिए हैं, ताकि चुनाव चाहे नवंबर में हों या 2027 में, सपा बैकफुट पर न रहे। इनमें ज्यादातर पुराने विधायकों के नाम हैं।
  2. दिल्ली में राहुल गांधी ने यूपी के बड़े दलित और पिछड़े वर्ग के नेताओं के साथ मीटिंग करके सपा के 'PDA' (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) गठबंधन को और मजबूत करने की जमीन तैयार कर ली है। अगर जनता में किसी बात को लेकर अंडरकरेंट हुआ, तो सपा इसे भुनाने के लिए पूरी तरह तैयार बैठी है।

3 बड़ी वजहें, जो यूपी चुनाव को जल्दी करा सकती हैं

जनगणना का संकट

देश में इस समय राष्ट्रीय जनगणना का काम चल रहा है, जिसका दूसरा बड़ा फेज फरवरी 2027 में होना है। यूपी में इसके लिए 5 लाख से ज्यादा सरकारी शिक्षकों और अफसरों की ड्यूटी लगी है। सबसे बड़ी बात कि चुनाव कराने के लिए भी इन्हीं 7 लाख कर्मचारियों की जरूरत पड़ती है। अगर दोनों काम फरवरी 2027 में एक साथ हुए, तो पूरा सरकारी ढांचा चरमरा जाएगा।

बोर्ड परीक्षाएं

फरवरी-मार्च के महीने में यूपी बोर्ड समेत सीबीएसई की परीक्षाएं होती हैं। सारे स्कूल और टीचर उसमें व्यस्त रहते हैं, इसलिए इस दौरान चुनाव कराना एक बड़ी सिरदर्दी है।

वोटर लिस्ट की टाइमलाइन

चुनाव आयोग के अधिकारियों के मुताबिक, आम तौर पर फाइनल वोटर लिस्ट जनवरी के बीच में आती है। लेकिन अगर चुनाव पहले कराने का फैसला हुआ, तो इस बार नई वोटर लिस्ट नवंबर तक ही जारी कर दी जाएगी।

चुनावी मोड में यूपी की पार्टियां, कौन कहां खड़ा है?

बीजेपी- मंत्रियों को प्रभार वाले जिलों में भेजा, 11 सदस्यीय बूथ कमेटियों की जमीनी जांच शुरू, सीएम योगी भी एक्टिव।

सपा- बूथ स्तर की कमेटियों को अलर्ट मोड पर रखा, उम्मीदवारों की सीक्रेट लिस्ट तैयार होने की खबरें।

बसपा- मायावती ने अंदरखाने 50 सीटों पर प्रभारी (कैंडिडेट) तय किए, 5 नामों का ऐलान भी किया।

सुभासपा-ओम प्रकाश राजभर ने पूर्वांचल की 44 सीटों पर अपने सिपहसालार (प्रभारी) मैदान में उतारे।