यूपी के सिकंदराराऊ में केस वापस लेने के दबाव में एक युवक की बेरहमी से पिटाई कर उस पर पेशाब किया गया। इस घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। अब तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।
उत्तर प्रदेश के सिकंदराराऊ में रविवार को इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई। यहां बाजिदपुर बाजार में गुंडों ने एक युवक की बेरहमी से पिटाई की और उस पर पेशाब तक कर दिया। पीड़ित का नाम शिव कुमार है, जो नगला भानचंद का रहने वाला है। आरोप है कि पांच लोगों ने घात लगाकर उस पर हमला किया। आरोपियों ने उसे लोहे की रॉड और सरियों से पीटा, गले में फंदा डाला और जमीन पर पटक दिया। हद तो तब हो गई जब उन्होंने उसके चेहरे पर पेशाब भी किया। वहां मौजूद किसी शख्स ने इस पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।
केस वापस लेने का दबाव बना रहे थे आरोपी: परिवार का आरोप
पीड़ित के मुताबिक, आरोपी उस पर धारा 308 के तहत चल रहा एक केस वापस लेने का दबाव बना रहे थे। जब उसने मना कर दिया, तो उन्होंने यह हमला कर दिया। शिव कुमार के पिता ने दावा किया कि आरोपियों के खिलाफ सिकंदराराऊ थाने में पहले से ही कई मामले दर्ज हैं।
हमले के बाद, स्थानीय लोग शिव कुमार को बाजिदपुर सीएचसी ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया है। पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा को इसकी जानकारी दी गई है। अधिकारियों ने कहा कि वे वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान कर रहे हैं और जल्द ही कार्रवाई की जाएगी। इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल है। अभी तक किसी की गिरफ्तारी की खबर नहीं है। मामले की जांच जारी है।
