मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बजट सत्र से पहले विधान भवन में स्वास्थ्य शिविर का उद्घाटन किया। केजीएमयू के डॉक्टरों द्वारा विधायकों का स्वास्थ्य परीक्षण किया जा रहा है। सीएम ने स्वस्थ दिनचर्या अपनाने और तनावमुक्त रहने की सलाह दी।

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बजट सत्र की शुरुआत से पहले विधान भवन में स्वास्थ्य शिविर का उद्घाटन किया। यह शिविर विधानसभा और विधान परिषद के सदस्यों के लिए आयोजित किया गया है। शिविर में किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) के विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा सदस्यों का स्वास्थ्य परीक्षण किया जा रहा है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

विधानसभा अध्यक्ष, उप मुख्यमंत्री और मंत्रियों का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण

स्वास्थ्य शिविर के उद्घाटन अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष, उप मुख्यमंत्री, मंत्रियों और अन्य जनप्रतिनिधियों के स्वास्थ्य की भी जांच की गई। यह शिविर बजट सत्र के दौरान विधानमंडल से जुड़े सभी माननीय सदस्यों की सुविधा के लिए लगातार उपलब्ध रहेगा।

बजट सत्र के दौरान सभी सदस्यों के लिए रहेगा स्वास्थ्य शिविर

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग द्वारा यह शिविर बजट सत्र के दौरान उत्तर प्रदेश विधानमंडल के सभी सदस्यों के स्वास्थ्य परीक्षण के उद्देश्य से लगाया गया है। उन्होंने बताया कि यह शिविर न केवल सदस्यों, बल्कि अन्य संबंधित लोगों के लिए भी उपयोगी रहेगा।

स्वस्थ दिनचर्या हर नागरिक का अधिकार: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वस्थ जीवनशैली अपनाना हर नागरिक का अधिकार है और सरकार इस दिशा में पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है। उन्होंने सदस्यों को सलाह दी कि सत्र के उतार-चढ़ाव और कार्यभार के बावजूद अपने स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान दें। मुख्यमंत्री ने कहा कि तनावमुक्त रहकर उन्मुक्त वातावरण में दिनचर्या अपनाने से बीमारियां दूर रहती हैं। स्वस्थ मन और शरीर से ही बेहतर कार्य संभव है।

समाज पर पड़ता है जनप्रतिनिधियों की बातों का प्रभाव

मुख्यमंत्री ने कहा कि हर व्यक्ति की बात का समाज पर प्रभाव पड़ता है। नेता विकास की बात करें, डॉक्टर स्वास्थ्य की जानकारी दें और प्रत्येक व्यक्ति अपने क्षेत्र की विशेषज्ञता साझा करे, तो इसका सकारात्मक असर आमजन पर पड़ता है। उन्होंने सभी सदस्यों से स्वास्थ्य शिविर की सुविधाओं का पूरा लाभ उठाने की अपील की।

उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने जताया आभार, कई वरिष्ठ नेता रहे मौजूद

उप मुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक ने स्वास्थ्य शिविर के आयोजन के लिए सभी का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना, विधान परिषद के सभापति कुंवर मानवेंद्र सिंह, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, कैबिनेट मंत्री सुरेश खन्ना, स्वतंत्र देव सिंह, राकेश सचान, उद्यान मंत्री दिनेश प्रताप सिंह, राज्यमंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह, बलदेव सिंह औलख, केजीएमयू की कुलपति प्रो. सोनिया नित्यानंद, एसजीपीजीआई के निदेशक आर.के. धीमन सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।