Heavy rain in Uttar Pradesh: यूपी में लगातार हो रही भारी बारिश के चलते लखनऊ, कानपुर, प्रयागराज और अयोध्या समेत कई जिलों में स्कूल बंद कर दिए गए हैं। सीएम योगी ने अधिकारियों को 24 घंटे के अंदर राहत पहुंचाने के निर्देश दिए हैं।

UP Heavy Rain: उत्तर प्रदेश में लगातार हो रही बारिश और मौसम विभाग के अलर्ट के बाद प्रशासन ने कई जिलों में स्कूल बंद रखने का फैसला किया है। बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए लखनऊ, प्रयागराज और कानपुर समेत कई जगहों पर 26 सितंबर को स्कूल बंद रखने के आदेश जारी किए गए हैं। वहीं, प्रशासन को राहत और बचाव कार्यों पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।

लखनऊ में कक्षा 1 से 12 तक स्कूल बंद

लखनऊ में भारी बारिश को देखते हुए जिलाधिकारी के निर्देश पर बेसिक शिक्षा अधिकारी ने स्कूलों को बंद रखने का आदेश जारी किया है। आदेश के मुताबिक, 26 सितंबर को कक्षा 1 से 12वीं तक के सभी बोर्ड के स्कूल बंद रहेंगे। प्रशासन ने मौसम की स्थिति को देखते हुए बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी है। अभिभावकों को भी जरूरी सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

प्रयागराज में रेड अलर्ट के बाद स्कूल बंद

प्रयागराज में लगातार बारिश के बीच मौसम विभाग ने रेड अलर्ट जारी किया है। इसके बाद जिला प्रशासन ने शनिवार को प्री-प्राइमरी से कक्षा 8 तक के सभी स्कूल बंद रखने का फैसला लिया है। लगातार बारिश के कारण शहर और आसपास के इलाकों में जलभराव की स्थिति भी बन सकती है। ऐसे में प्रशासन ने बच्चों को स्कूल आने से रोकने का निर्णय लिया है।

कानपुर में भी 12वीं तक स्कूलों की छुट्टी

कानपुर में भी भारी बारिश को देखते हुए 26 सितंबर को कक्षा 12 तक के स्कूल बंद रखने का आदेश दिया गया है। प्रशासन लगातार मौसम की स्थिति पर नजर बनाए हुए है और जरूरत के मुताबिक आगे भी निर्णय लिया जा सकता है।

CM योगी ने अधिकारियों को दिए फील्ड में उतरने के निर्देश

बारिश से बने हालात को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को अधिकारियों के साथ स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों को फील्ड में उतरकर राहत और बचाव कार्यों की निगरानी करने के निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री ने बारिश और आकाशीय बिजली गिरने से हुई जनहानि, पशुहानि और अन्य नुकसान पर दुख जताया। उन्होंने अधिकारियों से प्रभावित परिवारों को हर संभव मदद उपलब्ध कराने और नुकसान का आकलन कर 24 घंटे के भीतर मुआवजा देने के निर्देश दिए हैं।

बारिश और बिजली गिरने के दौरान घर से बाहर न निकलें

मुख्यमंत्री ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि जब तक बेहद जरूरी न हो, बारिश और बिजली कड़कने के दौरान घर से बाहर निकलने से बचें।

इसके अलावा लोगों को नदियों, तालाबों और अन्य जलस्रोतों में न जाने तथा बारिश के दौरान विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।

अयोध्या में पहले ही घोषित हो चुकी है छुट्टी

अयोध्या जिला प्रशासन ने भी भारी बारिश के पूर्वानुमान को देखते हुए 25 सितंबर को ही स्कूलों में छुट्टी का आदेश जारी कर दिया था। यहां नर्सरी से इंटरमीडिएट तक के सभी स्कूल बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं।

जिला प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को आदेश का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराने को कहा है। मौसम को देखते हुए प्रदेश के अन्य जिलों में भी स्थानीय स्तर पर स्कूल बंद करने का फैसला लिया जा सकता है।