उत्तर प्रदेश विधानमंडल का बजट सत्र 2026-27 9 फरवरी से शुरू होगा। 11 फरवरी को वित्त मंत्री सुरेश खन्ना बजट पेश करेंगे। सत्र 20 फरवरी तक प्रस्तावित है और मुख्यमंत्री योगी ने सदन के सहयोग की अपील की है।

लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानमंडल का बजट सत्र 2026-27 आगामी 9 फरवरी से शुरू होगा। सत्र के पहले दिन, सोमवार को विधानसभा और विधान परिषद की संयुक्त बैठक में माननीय राज्यपाल श्रीमती आनंदी बेन पटेल का अभिभाषण होगा।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

10 फरवरी को शोक प्रस्ताव, सदन 20 फरवरी तक प्रस्तावित

10 फरवरी को सदन के वर्तमान और पूर्व सदस्यों के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त की जाएगी। विधानमंडल की कार्यवाही 20 फरवरी तक चलने का प्रस्ताव है।

11 फरवरी को यूपी बजट 2026-27 पेश करेंगे वित्त मंत्री

11 फरवरी (बुधवार) को वित्त मंत्री श्री सुरेश खन्ना द्वारा वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट सदन में प्रस्तुत किया जाएगा। इसके बाद राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा शुरू होगी।

13 फरवरी तक नियमित बैठकें, 14-15 फरवरी को अवकाश

13 फरवरी तक सदन की कार्यवाही नियमित रूप से चलेगी। 14 और 15 फरवरी को शनिवार और रविवार होने के कारण सदन की बैठक स्थगित रहेगी। 16 फरवरी से विधानमंडल की कार्यवाही दोबारा शुरू होगी।

विधानसभा अध्यक्ष और मुख्यमंत्री ने सहयोग की अपील की

विधानसभा अध्यक्ष श्री सतीश महाना ने सभी सदस्यों से सदन के सुचारू और सफल संचालन में सहयोग करने का अनुरोध किया है। वहीं नेता सदन और मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ ने विधायकों से जनता के मुद्दों को सदन में रखने, स्वस्थ चर्चा करने और प्रदेश के विकास को गति देने के लिए सरकार का सहयोग करने की अपील की है।