Rishikesh Badrinath Highway Accident : देवभूमि कहे जाने वाले उत्तराखंड में मंगल के दिन अमंगलकारी घटना हुआ। जहां ऋषिकेश-बद्रीनाथ हाईवे से लेकर रुद्रप्रयाग पर हुए दो सड़क हादसों में 14 लोगों की मौत हो गई और 30 लोग घायल बताए जा रहे हैं।
ऋषिकेश/बद्रीनाथ. उत्तराखंड की देवभूमि में मंगलवार का दिन कई परिवारों के लिए दर्दनाक साबित हुआ। ऋषिकेश-बद्रीनाथ हाईवे से लेकर रुद्रप्रयाग की क्यूंजा घाटी तक दो बड़े सड़क हादसों ने लोगों को झकझोर दिया। कहीं यात्रियों से भरी बस करीब 100 मीटर नीचे नदी में जा गिरी तो कहीं शादी समारोह से लौट रही बारातियों की बोलेरो खाई में समा गई। दोनों हादसों में कुल 14 लोगों की मौत हो गई, जबकि 30 लोग घायल हुए हैं।
गूलर के पास नदी में गिरी यात्रियों से भरी बस
- पहला हादसा टिहरी जिले में ऋषिकेश-बद्रीनाथ नेशनल हाईवे पर गूलर के पास हुआ। मंगलवार सुबह यात्रियों से भरी एक बस अचानक अनियंत्रित होकर करीब 100 मीटर नीचे नदी में गिर गई। हादसा इतना गंभीर था कि मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस और प्रशासन को सूचना दी।
- इस हादसे में 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि 24 लोग घायल हुए हैं। घायलों में तीन साल की एक बच्ची भी शामिल है। हादसे के बाद राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज किया जा रहा है।
शादी से लौट रही बारातियों की बोलेरो खाई में गिरी
- दूसरा हादसा रुद्रप्रयाग जिले की क्यूंजा घाटी में हुआ। यहां पोखरी से शादी समारोह में शामिल होकर लौट रहे बारातियों की बोलेरो अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई।
- इस हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल हो गए। घायलों में चार की हालत गंभीर बताई जा रही है। गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर इलाज के लिए श्रीनगर बेस अस्पताल रेफर किया गया है।
एक दिन में 14 मौतों से पसरा मातम
- उत्तराखंड में एक ही दिन हुए इन दो हादसों ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं। एक तरफ बस में सवार यात्री अपने सफर पर निकले थे, वहीं दूसरी तरफ लोग शादी समारोह से घर लौट रहे थे। लेकिन दोनों जगह हुए हादसों ने परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया।
- दोनों दुर्घटनाओं में कुल 14 लोगों की जान चली गई और 30 लोग घायल हो गए। पहाड़ी सड़कों पर हुए इन हादसों ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और सावधानी से वाहन चलाने की जरूरत को सामने ला दिया है।










