वियतनाम के हो ची मिन्ह सिटी में पालतू जानवरों के लगातार गायब होने की शिकायतें आ रही थीं। इसके बाद पुलिस ने जांच की तो एक बड़े रैकेट का भंडाफोड़ हुआ, जो बिल्लियों को चुराकर कसाईखानों में बेचता था।

हो ची मिन्ह सिटी: वियतनाम में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए कसाईखाने भेजे जाने से पहले करीब 500 पालतू बिल्लियों को बचाया है। ये बिल्लियां पिंजरों में बंद थीं। इस मामले में पुलिस ने पालतू जानवरों की तस्करी करने वाले एक गिरोह के नौ लोगों को भी गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने पूछताछ में कबूल किया है कि वे पिछले तीन साल से दक्षिणी वियतनाम के अलग-अलग शहरों से पालतू बिल्लियों को फंसाकर पकड़ रहे थे।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

पुलिस को इन बिल्लियों का पता लगाने में कई दिन लग गए। इनमें से करीब 40 बिल्लियों को उनके असली मालिकों को सौंप दिया गया है। हालांकि, बेहद खराब हालात में रखे जाने की वजह से कई बिल्लियों की मौत भी हो गई।

दरअसल, हो ची मिन्ह सिटी में पालतू जानवरों के बड़े पैमाने पर गायब होने की शिकायतें मिल रही थीं। इसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की और इस गिरोह तक पहुंची। पुलिस को 45 पिंजरों में बंद 400 जिंदा बिल्लियां मिलीं। इसके अलावा, बर्फ से भरे थर्माकोल के बक्सों में 80 मरी हुई बिल्लियां भी रखी हुई थीं। एक दूसरी जगह से 21 और बिल्लियां बरामद हुईं। इस पूरे ऑपरेशन में 500 से ज्यादा बिल्लियों को रेस्क्यू किया गया।

बचाई गई बिल्लियों में से कई प्रेग्नेंट थीं। इनमें से कुछ ने पुलिस की निगरानी में बच्चों को जन्म भी दिया। अपनी प्यारी बिल्लियों को तस्करों के चंगुल से वापस पाकर कई परिवार भावुक हो गए। वहीं, बहुत से लोग ऐसे भी थे जिन्हें अपनी बिल्लियां नहीं मिलीं और वे निराश होकर लौट गए।

आपको बता दें कि वियतनाम में बिल्ली और कुत्ते का मांस खाना गैर-कानूनी नहीं है। लेकिन इसका व्यापार करने वालों के पास एक तय लाइसेंस होना जरूरी है। साथ ही, उन्हें यह भी बताना होता है कि वे जानवरों को कहां से लाए हैं।