WhatsApp-Telegram Investment Scam: WhatsApp और Telegram पर निवेश के नाम पर बढ़ रहे साइबर फ्रॉड को लेकर गृह मंत्रालय के I4C ने बड़ी चेतावनी जारी की है।
आजकल कुछ ही मिनटों में मोटा मुनाफा कमाने के दावे सोशल मीडिया और मैसेजिंग ऐप्स पर तेजी से फैल रहे हैं। लेकिन अगर आपको WhatsApp या Telegram पर कोई अनजान व्यक्ति शेयर बाजार में "गारंटीड रिटर्न" या "VIP Stock Tips" का दावा कर रहा है, तो सावधान हो जाइए। गृह मंत्रालय के तहत काम करने वाले भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र (I4C) ने ऐसे ऑनलाइन निवेश घोटालों को लेकर लोगों को अलर्ट किया है।

फर्जी निवेश ग्रुप बनाकर लोगों को बनाया जा रहा निशाना
I4C के अनुसार, साइबर ठग WhatsApp और Telegram पर फर्जी निवेश समूह बनाकर खुद को शेयर बाजार विशेषज्ञ या प्रतिष्ठित वित्तीय कंपनियों का प्रतिनिधि बताते हैं। इसके बाद लोगों को कम समय में अधिक और सुनिश्चित मुनाफे का लालच देकर अपने जाल में फंसाते हैं।
ठग निवेशकों को आधिकारिक ऐप स्टोर की बजाय निजी लिंक के जरिए ट्रेडिंग ऐप डाउनलोड करने के लिए कहते हैं। ऐसे ऐप न केवल आपकी रकम हड़प सकते हैं, बल्कि मोबाइल का संवेदनशील डेटा भी चोरी कर सकते हैं।
पहले दिखाते हैं नकली मुनाफा, फिर मांगते हैं और पैसे
साइबर विशेषज्ञों के मुताबिक, इस तरह के फ्रॉड में शुरुआत में निवेशकों के अकाउंट में नकली मुनाफा दिखाया जाता है ताकि उनका भरोसा जीता जा सके। लेकिन जैसे ही निवेशक अपनी रकम निकालने की कोशिश करता है, उससे टैक्स, प्रोसेसिंग फीस, अकाउंट वेरिफिकेशन या अन्य शुल्क के नाम पर और पैसे जमा करने को कहा जाता है।
गृह मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि कोई भी वास्तविक स्टॉक ब्रोकर या वित्तीय संस्था ग्राहकों से उनकी जमा राशि निकालने के लिए अतिरिक्त पैसे जमा करने की मांग नहीं करती। इसलिए "Guaranteed Returns" और "Exclusive Stock Tips" जैसे दावों को हमेशा खतरे की घंटी मानना चाहिए।
मुंबई के रिटायर्ड वैज्ञानिक के साथ हुई करोड़ों की ठगी जैसी घटना
I4C ने जागरूकता बढ़ाने के लिए मुंबई के एक सेवानिवृत्त वैज्ञानिक का मामला भी साझा किया है। उन्हें एक अनजान WhatsApp ग्रुप में जोड़ा गया, जहां खुद को निवेश विशेषज्ञ बताने वाले लोगों ने फर्जी ट्रेडिंग ऐप डाउनलोड कराया। ऐप में लगातार नकली मुनाफा दिखाकर उनसे बड़ी रकम निवेश कराई गई। लेकिन जब उन्होंने पैसे निकालने की कोशिश की, तो उनका अकाउंट ब्लॉक कर दिया गया और पूरी रकम फंस गई।
गृह मंत्रालय ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी अनजान WhatsApp या Telegram ग्रुप में दी गई निवेश सलाह पर भरोसा न करें। किसी भी ट्रेडिंग ऐप को केवल आधिकारिक App Store या Play Store से ही डाउनलोड करें और निवेश से पहले संबंधित ब्रोकर या प्लेटफॉर्म की विश्वसनीयता की स्वतंत्र रूप से जांच करें।
यदि आपके साथ साइबर ठगी होती है या किसी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलती है, तो तुरंत 1930 पर कॉल करें या National Cyber Crime Reporting Portal पर शिकायत दर्ज करें। समय पर शिकायत करने से रकम वापस मिलने और आरोपियों तक पहुंचने की संभावना बढ़ सकती है।


