Who is Saheb Singh: तिलक नगर में सड़क निरीक्षण के दौरान साहेब सिंह ने प्रवेश वर्मा पर मोबाइल छीनकर थप्पड़ मारने का आरोप लगाया। आखिर कौन है साहेब सिंह और आम आदमी पार्टी से क्या है कनेक्शन?
दिल्ली के तिलक नगर में सड़क निरीक्षण के दौरान PWD मंत्री प्रवेश वर्मा और एक स्थानीय युवक साहेब सिंह के बीच विवाद का मामला सामने आया है। साहेब सिंह ने आरोप लगाया है कि जब वह खराब सड़क का वीडियो बना रहे थे, तब मंत्री ने उनके हाथ से मोबाइल फोन छीन लिया और उन्हें थप्पड़ मार दिया। घटना का वीडियो सामने आने के बाद दिल्ली में बवाल मच गया है।
कौन है साहेब सिंह?
- साहेब सिंह को AAP विधायक जरनैल सिंह की टीम से जुड़ा कार्यकर्ता बताया जा रहा है।
- जरनैल सिंह ने भी पुष्टि की है कि थप्पड़ की कथित घटना में जिस युवक का नाम सामने आया है, वह उनके साथ सोशल मीडिया से जुड़े काम में सहयोग करता है।
- साहेब सिंह के मुताबिक, वह AAP विधायक जरनैल सिंह के साथ को-ऑर्डिनेशन का काम करते हैं और उनके सोशल मीडिया अकाउंट भी संभालते हैं।
- रविवार को जब उन्हें जानकारी मिली कि PWD मंत्री प्रवेश वर्मा तिलक नगर में सड़क का निरीक्षण करने पहुंच रहे हैं, तो वह भी मौके पर पहुंचे।
- उनका कहना है कि वह सड़क की खराब स्थिति को दिखाने के लिए वहां मौजूद लोगों के साथ वीडियो बना रहे थे। इसी दौरान विधायक जरनैल सिंह भी सड़क को लेकर मंत्री से सवाल कर रहे थे।
साहेब सिंह का आरोप- मोबाइल छीनकर मारा थप्पड़
- साहेब सिंह ने दावा किया कि वह जरनैल सिंह के सोशल मीडिया पेज के लिए घटना की लाइव स्ट्रीमिंग कर रहे थे।
- उनके अनुसार, अचानक प्रवेश वर्मा नाराज हो गए और लाइव स्ट्रीमिंग रोकने के लिए उनके हाथ से मोबाइल फोन छीन लिया।
- साहेब सिंह का आरोप है कि इसके बाद मंत्री ने उन्हें थप्पड़ मारा। उन्होंने यह भी दावा किया कि मंत्री के साथ मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें धक्का दिया और उनके साथ मारपीट की।
- सामने आए वीडियो में प्रवेश वर्मा एक युवक का मोबाइल नीचे करते और उसके चेहरे की ओर हाथ उठाते दिखाई देते हैं।
- इसके बाद युवक और मंत्री के बीच बहस होती है और एक सुरक्षा गार्ड दोनों के बीच आ जाता है।
साहेब सिंह ने पुलिस में शिकायत की
साहेब सिंह ने बताया कि उन्होंने इस मामले में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। उनका आरोप है कि मंत्री के साथ आए कुछ लोगों ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी। साहिब सिंह के मुताबिक, शिकायत में उन लोगों के नाम भी दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि अब मामले में आगे की कार्रवाई पुलिस को करनी है। साहिब सिंह का कहना है कि प्रवेश वर्मा दिल्ली सरकार में मंत्री हैं, इसलिए उनके खिलाफ भी नियमों के अनुसार कार्रवाई होनी चाहिए।
मौके पर पुलिस भी मौजूद थी
साहेब सिंह का आरोप है कि घटना के समय मौके पर पुलिस मौजूद थी, लेकिन इसके बावजूद प्रवेश वर्मा को उनकी गाड़ी में बैठाकर वहां से भेज दिया गया। इस पूरे घटनाक्रम के बाद AAP ने प्रवेश वर्मा पर निशाना साधा और उनके खिलाफ पुलिस कार्रवाई की मांग की। AAP विधायक जरनैल सिंह ने भी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया।
प्रवेश वर्मा का भी पक्ष आया सामने
- वहीं, प्रवेश वर्मा ने भी घटना को लेकर अपना पक्ष रखा है। उन्होंने सोशल मीडिया पर जारी वीडियो में दावा किया कि AAP विधायक जरनैल सिंह के एक कार्यकर्ता ने उनके परिवार को गाली दी थी।
- प्रवेश वर्मा के अनुसार, इसी वजह से विवाद बढ़ा और उन्होंने प्रतिक्रिया दी। प्रवेश वर्मा ने यह भी आरोप लगाया कि जरनैल सिंह के समर्थक उन्हें उकसाने के लिए मौके पर पहुंचे थे।
- उन्होंने सड़क निर्माण और PWD अधिकारियों को लेकर भी AAP विधायक पर कई आरोप लगाए हैं।
- इस तरह तिलक नगर की सड़क के निरीक्षण से शुरू हुआ विवाद अब AAP और BJP के बीच राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप का मुद्दा बन गया है।
अरविंद केजरीवाल ने की गिरफ्तारी की मांग
- घटना का वीडियो सामने आने के बाद दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी प्रतिक्रिया दी।
- उन्होंने सोशल मीडिया पर प्रवेश वर्मा की गिरफ्तारी की मांग की और कहा कि वह सोमवार को मौके पर जाएंगे।
- AAP विधायक जरनैल सिंह ने भी प्रवेश वर्मा पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि सड़क निरीक्षण के दौरान विवाद बढ़ने पर मंत्री ने वीडियो रिकॉर्ड कर रहे उनके साथी के साथ बदसलूकी की।
- हालांकि, प्रवेश वर्मा ने अपने जवाब में घटना की अलग तरीके से बताया है।


