AAP Punjab Candidate List : आम आदमी पार्टी ने पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 के लिए पहली लिस्ट जारी कर दी है। इस लिस्ट में सीएम भगवंत मान का नाम भी है। लेकिन एक चौंकान वाला नाम संजीव अरोड़ा का भी है, जो जेल में सजा काट रहे हैं। लेकिन उन्हें भी उम्मीदवार बनाया है।
punjab election 2027 : पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 के लिए आम आदमी पार्टी (AAP) ने अपनी पहली लिस्ट जारी कर दी है। इस लिस्ट में एक नाम ऐसा भी है, जिसने सबका ध्यान खींचा है। यह नाम है संजीव अरोड़ा का। पंजाब सरकार में मंत्री रह चुके संजीव अरोड़ा इस समय मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में जेल में बंद हैं। इसके बावजूद पार्टी ने उन्हें लुधियाना वेस्ट विधानसभा सीट से उम्मीदवार बनाया है। मुख्यमंत्री भगवंत मान की पार्टी के इस फैसले के बाद संजीव अरोड़ा एक बार फिर चर्चा में हैं।
कौन हैं संजीव अरोड़ा?
- संजीव अरोड़ा पंजाब के लुधियाना के रहने वाले कारोबारी और आम आदमी पार्टी के नेता हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत बिजनेस से की थी। उनका कारोबार इंडस्ट्री, रियल एस्टेट और फाइनेंस जैसे क्षेत्रों में फैला हुआ है। राजनीति में आने से पहले भी उनकी पहचान एक बड़े कारोबारी के रूप में थी।
- साल 2022 में आम आदमी पार्टी ने उन्हें राज्यसभा भेजा था। इसके बाद वे पार्टी के बड़े नेताओं में शामिल हो गए। फरवरी 2025 में उन्होंने राज्यसभा से इस्तीफा देकर लुधियाना वेस्ट सीट पर उपचुनाव लड़ा। इस चुनाव में उन्होंने कांग्रेस के उम्मीदवार भारत भूषण आशु को 10,637 वोटों से हराया था।
278 करोड़ रुपये से ज्यादा की संपत्ति
संजीव अरोड़ा की संपत्ति भी काफी चर्चा में रही है। 2025 के लुधियाना वेस्ट उपचुनाव के दौरान दाखिल हलफनामे के मुताबिक, उनकी व्यक्तिगत संपत्ति करीब 278 करोड़ रुपये थी। पत्नी की संपत्ति जोड़ने पर परिवार की कुल संपत्ति 300 करोड़ रुपये से ज्यादा हो जाती है।
ED ने क्यों किया गिरफ्तार?
- 9 मई 2026 को प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में संजीव अरोड़ा को गिरफ्तार किया था। जांच एजेंसी का आरोप है कि 100 करोड़ रुपये से ज्यादा के कथित GST फ्रॉड और फर्जी कंपनियों के जरिए पैसों के लेन-देन से जुड़ा मामला है। इस जांच में मोबाइल फोन के कारोबार और विदेशों में लेन-देन की बात भी सामने आई।
- अरोड़ा ने इन आरोपों को राजनीतिक रूप से प्रेरित कार्रवाई बताया है। अक्टूबर 2026 में पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने उनकी जमानत याचिका खारिज कर दी थी। फिलहाल वे गुरुग्राम की भोंडसी जेल में बंद हैं।
जेल में रहते हुए भी मिला चुनाव का टिकट
AAP ने अपनी पहली उम्मीदवार सूची में संजीव अरोड़ा को लुधियाना वेस्ट से फिर टिकट दिया है। पार्टी पहले भी उनके समर्थन में खड़ी रही है। अब देखना होगा कि जेल में रहते हुए वे चुनाव लड़ पाते हैं या नहीं और क्या पार्टी का यह दांव 2027 के चुनाव में कामयाब होता है।






