Punjab Election 2027 : पंजाब चुनाव 2027 से पहले AAP ने 40 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी कर सियासी हलचल तेज कर दी है। भगवंत मान की सीट से लेकर जेल में बंद मंत्री को टिकट देने तक, लिस्ट में ऐसा क्या है जिसने सबका ध्यान खींचा?
पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर आम आदमी पार्टी (AAP) ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी ने 40 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी कर दी है। इस लिस्ट में सभी मौजूदा विधायकों को टिकट दिया गया है। मुख्यमंत्री भगवंत मान एक बार फिर धूरी विधानसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे। उनकी सीट बदलने को लेकर चर्चा चल रही थी, लेकिन पार्टी ने उन्हें धूरी से ही मैदान में उतारने का फैसला किया है।
आम आदमी पार्टी ने दिल्ली में उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी की। इसमें कई बड़े नाम शामिल हैं। जेल में बंद मंत्री संजीव अरोड़ा को भी पार्टी ने लुधियाना वेस्ट सीट से फिर टिकट दिया है। वहीं, वित्त मंत्री हरपाल चीमा का नाम पहली लिस्ट में शामिल नहीं है।
मौजूदा विधायकों पर AAP ने जताया भरोसा
पंजाब में आम आदमी पार्टी ने पहली लिस्ट में अपने मौजूदा विधायकों पर भरोसा जताया है। पार्टी ने सभी 40 विधायकों को फिर से टिकट दिया है। इससे साफ है कि AAP फिलहाल अपने मौजूदा विधायकों के साथ चुनावी मैदान में उतरने की तैयारी कर रही है।
मुख्यमंत्री भगवंत मान धूरी सीट से ही चुनाव लड़ेंगे। 2022 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने इसी सीट से जीत हासिल की थी। इस बार भी पार्टी ने उन्हें इसी सीट से उम्मीदवार बनाया है।
संजीव अरोड़ा को फिर मिला टिकट
पहली लिस्ट में जेल में बंद मंत्री संजीव अरोड़ा का नाम भी शामिल है। उन्हें लुधियाना वेस्ट विधानसभा सीट से उम्मीदवार बनाया गया है। पार्टी ने उन्हें दोबारा टिकट देकर अपने भरोसे का संकेत दिया है।
दूसरी ओर, वित्त मंत्री हरपाल चीमा का नाम पहली लिस्ट में नहीं है। संगरूर के तूरबंजारा के गुलजार सुसाइड केस में उनका नाम चर्चा में आया था। इस मामले को लेकर उन पर सवाल उठे थे। हालांकि, पार्टी ने अभी उनके टिकट को लेकर कोई फैसला सामने नहीं रखा है।
2022 में AAP ने जीती थीं 92 सीटें
पंजाब विधानसभा का मौजूदा कार्यकाल मार्च 2027 में खत्म हो रहा है। ऐसे में अगले साल विधानसभा चुनाव होने की संभावना है। 2022 के चुनाव में आम आदमी पार्टी ने 117 में से 92 सीटें जीतकर पहली बार पंजाब में सरकार बनाई थी। भगवंत मान मुख्यमंत्री बने थे।
बाद के उपचुनावों और राजनीतिक बदलावों के बाद पार्टी के विधायकों की संख्या बढ़कर 94-95 हो गई थी। अब 2027 के चुनाव को लेकर पार्टी ने उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी कर चुनावी तैयारी शुरू कर दी है।






