दिल्ली मेट्रो में एक महिला ने सह-यात्री की सलाह अनसुनी कर अपने बच्चे को कोच के अंदर ही शौच करा दिया। यात्री ने उसे स्टेशन का वॉशरूम इस्तेमाल करने को कहा था। यह घटना एक Reddit पोस्ट के जरिए सामने आई।
दिल्ली में मेट्रो का सफर एक यात्री के लिए आम तौर पर शुरू हुआ, लेकिन जल्द ही यह एक अजीबोगरीब अनुभव में बदल गया। यात्री ने दावा किया कि एक महिला ने अपने बच्चे को कोच के अंदर ही शौच करा दिया। इस घटना को बाद में Reddit पर शेयर किया गया, जहां यात्री ने बताया कि महिला ने स्टेशन के वॉशरूम का इस्तेमाल करने की सलाह को नजरअंदाज कर दिया, जिससे वह हैरान रह गईं।
यह घटना जनपथ और सचिवालय इलाके के बीच मेट्रो में हुई। अपनी पोस्ट में, यात्री ने बताया कि कोच लगभग खाली था जब कई बच्चों के साथ सफर कर रही महिला उनके पास आई और पूछा कि टॉयलेट कहां मिल सकता है।
यात्री ने महिला को जेल जाने की चेतावनी दी
उन्होंने लिखा, "मैंने उन्हें बताया कि हर स्टेशन पर वॉशरूम है और यह भी समझाने की कोशिश की कि वह कहां जा सकती हैं।" हालांकि, महिला कथित तौर पर बहस करने लगी और पूछा कि क्या बच्चा पटरियों पर शौच कर सकता है। यात्री ने कहा, "इस पॉइंट पर मुझे एहसास हुआ कि शायद वह सच में पहली बार मेट्रो का इस्तेमाल कर रही थीं। इसलिए मैंने उन्हें जितनी गंभीरता से हो सका, बताया: 'नहीं नहीं, वहां बिल्कुल नहीं। जेल हो जाएगी'।"
उन्होंने आगे लिखा, "वह अब भी वॉशरूम वाली बात से सहमत नहीं लग रही थीं। आखिरकार मैंने हार मान ली और अपने फोन में देखने लगी। मैंने सोचा, ठीक है, जो भी हो। कोई और इसे संभाल लेगा। कुछ मिनट बाद मैंने ऊपर देखा। और मैंने उसे अपने बच्चे की पैंट उतारते हुए देखा। मैं सुन्न पड़ गई। मेरा फोन अभी भी मेरे हाथ में था लेकिन मेरी आत्मा मेट्रो छोड़ चुकी थी।" उन्होंने आगे बताया, "उसने बच्चे को वहीं कोच में पॉटी करा दी।"
यात्री ने यह भी खुलासा किया कि बाद में महिला ने बच्चे को साफ करने के लिए पानी की बोतल का इस्तेमाल किया। "अगले कोच में कुछ और लोग भी थे, लेकिन हर कोई अपने फोन में पूरी तरह से डूबा हुआ लग रहा था। किसी ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। इस बीच मैं वहां ऐसे बैठी थी जैसे मैंने गलती से किसी ऐसे इवेंट का फ्रंट-रो टिकट खरीद लिया हो जिसमें मैं कभी शामिल नहीं होना चाहती थी। मैं कुछ कह नहीं सकी"।
